संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनपद स्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) नियंत्रण कक्ष/वार रूम का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस नियंत्रण कक्ष की स्थापना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करना और जनहित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि यह कंट्रोल रूम गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी, सहायता एवं शिकायत निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि एमसीएच नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 7398374222 जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि आशाओं और एएनएम के माध्यम से निजी चिकित्सालयों में प्रसव हेतु गर्भवती महिलाओं को ले जाने की सूचना नियंत्रण कक्ष को देने पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सुरक्षित संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जा सके।
नियंत्रण कक्ष में उच्च जोखिमयुक्त गर्भवती महिलाओं को उचित परामर्श, एएनसी एवं प्रसव संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण, 7 से 9 माह की गर्भवती महिलाओं का फॉलोअप, तथा सीवियर एनीमिक महिलाओं के लिए ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी और संस्थागत प्रसव के लिए समय पर सलाह भी दी जाएगी। यह एमसीएच नियंत्रण कक्ष मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के द्वितीय तल पर कक्ष संख्या 23 में स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर सीएमएस डॉक्टर रामप्रवेश, विनीत कुमार श्रीवास्तव (जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम), संगीता (जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता), डॉ. विनय कुमार सोनी (डीआईओ), डॉ. सोहन गुप्ता (डिप्टी सीएमओ), सुजीत कुमार सिंह (अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर), संजीव कुमार (डीसीपीएम), बृजेश कुमार (डीएएम), डॉ. अबूबकर (क्वालिटी कंसल्टेंट), डॉ. मुबारक अली (एपिडेमियोलॉजिस्ट), इम्तियाज अहमद (फैमिली प्लानिंग मैनेजर) व धीरज कुमार (डाटा कम एकाउंटेंट) सहित कई चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएम ने किया मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ, हेल्पलाइन नंबर जारी
एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों में जगी सेवा और जिम्मेदारी की भावना
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। सिविल लाइन स्थित दिग्विजय नाथ पी.जी. कॉलेज, गोरखपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों द्वारा महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, सामाजिक दायित्व और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि राय के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाती है। स्वच्छता केवल सफाई नहीं, बल्कि एक सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन का प्रतीक है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
प्राचार्य ने बताया कि एनएसएस का आदर्श वाक्य “Not Me, But You” समाज की भलाई के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इस विचार को व्यवहार में लाकर समाज में जागरूकता फैलाएं।
स्वच्छता अभियान के तहत चारों इकाइयों के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के कक्षों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन और प्रांगण की सफाई की। “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” और “स्वच्छता ही सेवा है” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि राय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में “Learning by Doing” की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जो समाज के हित में उपयोगी हो। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता एक दिन का नहीं बल्कि सतत प्रयास का कार्य है, जो हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया “जहाँ स्वच्छता, वहाँ स्वास्थ्य”, “स्वच्छ भारत का सपना, हम सबका अपना” और “स्वच्छता अपनाएँ, बीमारी भगाएँ।” अभियान में शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने सभी स्वयंसेवकों, शिक्षकों और प्राचार्य का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना और नेतृत्व गुणों का विकास करता है, जिससे उनका व्यक्तित्व निखरता है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सेवा योजना के गीत और स्वच्छ भारत मिशन की शपथ के साथ हुआ। सभी स्वयंसेवकों ने अपने घर, विद्यालय और समाज को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पीयूष सिंह, डॉ. प्रदीप यादव तथा महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय युवा उत्सव: छात्रों ने बिखेरी कला और संस्कृति की चमक
चौरई/मध्य प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। शासन के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय चौरई में जिला स्तरीय युवा उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य मुकेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन और नोडल अधिकारी डॉ. सबाहत अंजुम कुरैशी के संयोजन में संपन्न हुआ।
डॉ. कुरैशी ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकांकी और हास्य नाटिका जैसी विविध सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और युवा उत्सव को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा के कुलगुरु डॉ. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में पीएम श्री शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा के प्रिंसिपल डॉ. वाय.के. शर्मा तथा कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय चौरई के प्रिंसिपल डॉ. एन.के. शुक्ला शामिल हुए।
सभी महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास कुमार शर्मा और डॉ. अर्चना तिवारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में परिणामों की घोषणा की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
यातायात माह के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। स्वर्गीय सितारा देवी स्मृति सेवा संस्थान, मगहर एवं यातायात विभाग, संत कबीर नगर के संयुक्त तत्वावधान में माउंट वैली एकेडमी, मगहर में सोमवार को यातायात माह के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक/सचिव अत्रेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षा का माध्यम है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से अपनाना चाहिए।
मुख्य अतिथि यातायात प्रभारी परमहंस जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उप निदेशक नितेश कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा बचपन से ही सिखाई जानी चाहिए ताकि आगे चलकर यह आदत बन जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानून का सम्मान नहीं बल्कि मानवता का कर्तव्य भी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने यातायात विभाग एवं संस्थान का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षक आनंद कुमार, शिवम, बबुल्लाह, किरण, कंचन, स्वेता एवं श्यामलता सहित समस्त स्टाफ एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। बच्चों ने यातायात विषय पर पोस्टर बनाकर संदेश भी दिए, “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनिए, सुरक्षित रहिए” जैसे नारे गूंज उठे।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक अत्रेश श्रीवास्तव ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से गोरखपुर में हाहाकार
नौशाढ़ चौराहे पर घंटों लगा रहा जाम
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी राज करन नय्यर ने संभाली कमान, राहत दिलाने में जुटे अधिकारी
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
रविवार की रात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही ने सोमवार को पूरे शहर को जाम की चपेट में ला दिया। नौशढ़ चौराहे पर पुलिया निर्माण के लिए बिना किसी अग्रिम सूचना के सड़क की खुदाई कर दी गई। रात में हुई इस खुदाई का नतीजा सोमवार सुबह भारी अव्यवस्था के रूप में सामने आया। जब सुबह 10 बजे के बाद लोगों की आवाजाही बढ़ी, तो नौशढ़ चौराहे से लेकर आसपास के इलाकों तक लंबी-लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।
जाम से बचने के लिए लोग जब अन्य मार्गों से निकलने लगे तो शहर के अन्य रास्तों — असुरन, मेडिकल रोड, मोहद्दीपुर, धर्मशाला बाजार, तारामंडल रोड गोरखनाथ — पर भी वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया। देखते ही देखते पूरे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई और आमजन घंटों तक जाम में फंसे रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने मौके की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में लगाने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था सामान्य करने का आदेश दिया।
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने रात-दिन लगाकर व्यवस्था संभाली। एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडे स्वयं मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर मनोज राय के साथ घंटों तक सड़क पर डटे रहे। उन्होंने वाहनों को डायवर्ट कर जाम को नियंत्रित करने की कोशिश की।
भीड़ को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को तत्काल खुदाई पटवाने के निर्देश दिए। घंटों की मशक्कत के बाद सड़क के बीच खोदे गए गड्ढे को अस्थायी रूप से भरकर ट्रैफिक चालू कराया गया। इससे आम जनता को राहत मिली और धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा।
स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग ने बिना किसी ट्रैफिक प्लान या वैकल्पिक व्यवस्था के खुदाई शुरू कर दी, जिससे शहर में अफरा-तफरी मच गई। जनता ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे कार्यों के लिए पूर्व सूचना और वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की तत्परता और ट्रैफिक पुलिस की मेहनत से आखिरकार गोरखपुर को बड़ी राहत मिली, लेकिन इस घटना ने पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौक तक रोड चौड़ीकरण पर मंथन
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक, दुकानदारों ने जताई नाराजगी, प्रशासन ने दिया आश्वासन
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)l नगर निगम सभागार में सोमवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौराहे तक प्रस्तावित रोड चौड़ीकरण पर अहम बैठक हुई। बैठक में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा सहित निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी दुकान के किरायेदार उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि शासन से 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को मंजूरी मिल चुकी है। इस योजना के तहत शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर चौड़ी सड़क बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाना प्रस्तावित है।
नगर निगम की दुकानों के किरायेदारों ने जताई आपत्ति
रोड चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले अधिकांश दुकानदारों ने बैठक में नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ये सभी दुकानें नगर निगम की संपत्ति हैं और वे किरायेदार के रूप में वर्षों से अपना व्यवसाय चला रहे हैं। प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ाई से उनकी दुकानों का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा।
दुकानदारों की ओर से यह मांग रखी गई कि सड़क की चौड़ाई 17 मीटर तक सीमित रखी जाए ताकि दुकानों को कम नुकसान पहुंचे।
एक दुकानदार ने कहा—“हम नगर निगम के किरायेदार हैं। सरकार की दुकान में किराया जमा करते हैं। अब उसी दुकान का हिस्सा तोड़ा जाएगा। हम विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसी योजना बने जिससे हमारी रोज़ी-रोटी न छिने।”
महापौर और अफसरों ने दिया भरोसा
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। “शहर को जाम से मुक्त करने और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए रोड चौड़ीकरण आवश्यक है। प्रशासन दुकानदारों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित समाधान निकालेगा,
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों की आपत्तियों और सुझावों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
अतिक्रमण और जाम बड़ी चुनौती
अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर ट्रैफिक दबाव और अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या है। कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे चारपहिया वाहन खड़े कर लेते हैं, जिससे सड़क का हिस्सा संकरा हो जाता है। परिणामस्वरूप हर दिन घंटों जाम लगता है।
अधिकारियों का कहना था कि जब सड़क जाम होती है तो लोग सरकार को दोष देते हैं, जबकि वास्तविक समस्या स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण से पैदा होती है। इसी कारण शासन ने इस मार्ग को प्राथमिकता में लेकर रोड चौड़ीकरण की योजना को स्वीकृति दी है।
सहमति से निकलेगा समाधान
बैठक में यह निर्णय हुआ कि नगर निगम जल्द ही दुकानदारों से अलग-अलग बैठकें करेगा ताकि उनकी राय लेकर सहमति आधारित समाधान निकाला जा सके।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि रोड चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
शार्ट सर्किट से कारोबारी की दुकानों में भीषण आग करीब लाखो का नुकसान
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)l जैतीपुर रविवार रात कस्बे में शार्ट सर्किट से कारोबारी रविंद्र गुप्ता की दुकानों में आग लग गई।आग से लाखों रूपयों का सामान जलकर राख हो गया।अनुमान हैं कि आग से करीब 12 लाख का नुकसान हुआ हैं।कस्बे के कारोबारी रविंद्र गुप्ता की मुख्य मार्केट में सोने चांदी कपड़े व काफी किताबों की दुकानें है। रविवार देर शाम परिजन दुकान बंद कर ऊपर बने मकान चले गए।तभी रात 9 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई।आग की जानकारी रात 11 बजे तेज धुआं उठने पर हुई।तेज लपटों के कारण परिजनों की आग बुझाने की हिम्मत नहीं हुई। ट्रैक्टर द्वारा शटर तोड़ा गया। नहीं तो काफी नुकसान हो सकता था। सूचना पर थाना प्रभारी गौरव त्यागी मौके पर पहुंचे।वहीं फायर ब्रिगेड की गाड़ी नें कड़ी मस्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। रविंद्र गुप्ता ने बताया समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।नहीं तो काफी नुकसान हो सकता था।आग से दुकान में रखा कपड़ा कॉपी किताब में सहित पूरा फर्नीचर जलकर राख हो गया।सोना -चांदी लॉकर में रखा होने के कारण सुरक्षित बच गया।आग से करीब 12 लाख का रूपयों का नुकसान हुआ है।
फोरलेन पर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश
पांच लुटेरे गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)l चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत सक्रिय लुटेरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी सूरज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लूट की दो मोटरसाइकिल के साथ पाँच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी सुनसान फोरलेन इलाकों में राहगीरों से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर नंबर प्लेट बदल देते थे और गाड़ियों को गैर जनपदों में बेचने का काम करते थे।गिरोह का सरगना चंदन निषाद बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि ये सभी अभियुक्त सुनसान स्थानों पर वारदात कर इलाके में दहशत फैलाने का काम कर रहे थे।प्रेस वार्ता में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने खुलासा किया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में काजू निषाद उर्फ रॉनी, आजाद निषाद उर्फ विद्दू, अरुण निषाद, चंदन निषाद और गौतम निषाद उर्फ पिंटू शामिल हैंl सभी महुआपार, थाना सहजनवां के निवासी हैं। इनके कब्जे से लूटी गई दो मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।
एसपी जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 31 अक्तूबर को गीडा से लौट रहे युवक से मोटरसाइकिल लूटने के दौरान अभियुक्त गौतम निषाद का आधार कार्ड गिर गया था, जिससे पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में मदद मिली। पूछताछ में अभियुक्तों ने 6 सितंबर और 31 अक्तूबर की लूट की घटनाओं को कबूल किया है।
दोनों ही मामलों में थाना चिलुआताल में मुकदमे पंजीकृत हैं। अभियुक्तों के खिलाफ धारा 309(6), 310(2), 317(3), 126(2), 352 भा.न्या.सं. के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार करने वालों में प्रमुख रूप से थानाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मजनू चंदन नारायण, निरीक्षक सुनील कुमार राय (एंटी थेफ्ट प्रभारी), उ0नि0 राजमंगल सिंह (एसओजी प्रभारी) सहित पुलिस बल के अन्य सदस्य।
एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से एक सक्रिय लूट गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अभियुक्तों से पूछताछ में अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना है।
सिफा पठान पर BNS 196 के तहत कार्रवाई,
हिंदू समाज पार्टी ने समाप्त किया धरना प्रदर्शन
लखनऊ ( राष्ट्र की परम्परा) लखनऊ व इटावा जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में सिफा पठान, उसके पिता शब्बीर, माता समीना तथा दोस्त आसिफ के खिलाफ BNS 196 एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियो को जेल भेजा जाएगा।
हिंदू समाज पार्टी उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष गौरव गोस्वामी ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि “हिंदुत्व और सनातन धर्म की जीत हुई है।” उन्होंने बताया कि 3 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन अब समाप्त किया जाता है।
गौरव गोस्वामी ने लखनऊ व इटावा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून का पालन और प्रशासन की तत्परता से समाज में एक मजबूत संदेश गया है कि किसी भी प्रकार का धर्म विरोधी व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, करेंगी जनसुनवाई और समीक्षा बैठक
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य सुनीता श्रीवास्तव 6 नवंबर को बलिया जिले के दौरे पर रहेंगी। अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत वह पूर्वाह्न 11 से 12 बजे तक निरीक्षण भवन में जिला प्रशासन और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।
बैठक में वे महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा, उत्पीड़न की रोकथाम, और त्वरित न्याय से संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे निरीक्षण भवन में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले की विभिन्न समस्याओं से जुड़ी महिलाओं की शिकायतें सीधे सुनी जाएंगी।
महिला आयोग की सदस्य अपराह्न 3 बजे तहसील सिकंदरपुर में भी महिला जनसुनवाई करेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान, कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना और प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता बढ़ाना है।
यह एक दिवसीय कार्यक्रम जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बकरी विवाद में महिला की मौत के मामले का आरोपी गिरफ्तार, सिकंदरपुर पुलिस की बड़ी सफलता
सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बकरी विवाद में हुई महिला की मौत के मामले में सिकंदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी रजिंदर नट पुत्र स्व. कमला, निवासी चकखान थाना सिकंदरपुर, को नगरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्तूबर को वादिनी द्वारा थाना सिकंदरपुर में दी गई तहरीर में बताया गया था कि सुबह उसकी बकरी रजिंदर नट के घर चली गई थी। इसी बात पर विवाद हो गया और रजिंदर व उसके परिजनों ने वादिनी की पतोह और नाती की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को जिला अस्पताल बलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पतोह को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाती का इलाज जारी है।
इस घटना पर थाना सिकंदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 328/2025, धारा 115(2), 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें – महराजगंज से 40 प्रगतिशील किसान जबलपुर रवाना, सीखेंगे श्री अन्न (मिलेट्स) की आधुनिक खेती तकनीक
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार और प्रभारी निरीक्षक सिकंदरपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव, हे.का. अजय कुमार सरोज, और का. अखिलेश कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय भेज दिया है।
ये भी पढ़ें – भारत की बेटियों ने रचा इतिहास- पवन मिश्र
महराजगंज से 40 प्रगतिशील किसान जबलपुर रवाना, सीखेंगे श्री अन्न (मिलेट्स) की आधुनिक खेती तकनीक
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जनपद के विभिन्न विकास खंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को हरी झंडी दिखाकर जबलपुर (मध्य प्रदेश) के लिए रवाना किया। किसान दल उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत आयोजित अंतर्राज्यीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेगा।
किसान दल को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, खरपतवार अनुसंधान निदेशालय जबलपुर में 7 नवंबर तक प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान किसान श्री अन्न (मिलेट्स) की नवीनतम खेती तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण और उत्पाद निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे।
ये भी पढ़ें – भारत की बेटियों ने रचा इतिहास- पवन मिश्र
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से परिचित कराना और उन्हें आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में प्रेरित करना है। प्रशिक्षण में कृषि विभाग के 20 प्रसार अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं, जो लौटकर जिले के अन्य किसानों को नई तकनीकें सिखाएंगे।
इस अवसर पर अपर उप जिलाधिकारी नंद प्रकाश मौर्य, उप कृषि प्रसार निदेशक संजीव कुमार, हेमंत श्रीवास्तव, तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारी व किसान मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें – गहिला गांव पहुंचे एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह, बरठा रोड से गहिला तक सड़क मरम्मत के दिए निर्देश
भारत की बेटियों ने रचा इतिहास- पवन मिश्र
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के महिला विश्व कप जीतने पर भाजपा किसान मोर्चा देवरिया के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय रविन्द्र किशोर शाही जिला स्टेडियम देवरिया में, क्रिकेट के खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया । इस अवसर पर उपस्थित किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है, कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने आईसीसी वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों ने पहली बार विश्व कप को जीतकर इतिहास रच दिया है और पूरा हिंदुस्तान अपने देश की बेटियों के इस जश्न में शामिल हो गया है। इस अवसर पर मुख्य रूप से अम्बिकेश पाण्डेय, क्रिकेट कोच अवधेश कुमार, रत्नेश्वर गर्ग,प्रिन्स मिश्र, अरुण मिश्र, संजय सिंह, अनिल कुमार, सत्यम, राहुल, नवनीत उपस्थित रहे।
