दौसा (राष्ट्र की परम्परा)। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस कोलवा थाना क्षेत्र के रेस्ट एरिया के पास ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और उसके पिछले हिस्से में आग लग गई।
इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
नींद में थे अधिकांश यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
राहत एवं बचाव अभियान
सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा, तहसीलदार गजानन मीणा, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
हादसे की जांच शुरू
कोलवा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर से टक्कर के बाद बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
