Friday, May 1, 2026
Home Blog Page 49

सैनिक स्कूल परीक्षा में चमके ब्लूमिंग बड्स के छात्र, तीन का चयन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान ब्लूमिंग बड्स स्कूल के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। विद्यालय के मेधावी छात्र नवनीत कुमार चौरेसिया, अंशु चौरेसिया एवं सर्वेश चौरेसिया ने चयनित होकर विद्यालय तथा जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवनीत कुमार चौरसिया ने 2316वीं रैंक, अंशु चौरसिया ने 6302वीं रैंक तथा सर्वेश चौरसिया ने 6735वीं रैंक प्राप्त कर सैनिक स्कूल में अपनी जगह सुनिश्चित की है। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष और गर्व का माहौल व्याप्त है।
विद्यालय की प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि “हार्ड वर्क, डिसिप्लिन और सक्सेस” के सिद्धांत पर विद्यालय निरंतर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है।
शिक्षकों ने बताया कि छात्रों ने नियमित अध्ययन, सही दिशा-निर्देशन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। विद्यालय का अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रेरित करता है।
इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने भी खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समर्पित शिक्षकों के कारण ही उनके बच्चे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। विद्यालय परिवार ने सभी चयनित छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

मिलनसार व सरल स्वभाव के धनी बाबू घनश्याम सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सदर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलवरिया निवासी 65 वर्षीय बाबू घनश्याम सिंह का निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव सहित आस- पास के क्षेत्रों में लोग गमगीन नजर आए।
बाबू घनश्याम सिंह अपने मिलनसार स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे। वे गांव के हर वर्ग के लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे और सुख-दुख में हमेशा लोगों के साथ खड़े रहते थे। उनके व्यक्तित्व की यही विशेषता उन्हें समाज में एक सम्मानित स्थान दिलाती थी।
उन्होंने अपने जीवनकाल में परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र मणिकांत सिंह और ओंकार सिंह अब परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
उनके निधन से परिवारजनों के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों व शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ग्रामीणों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।

ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: डीएम का सख्त संदेश

महाष्टमी-रामनवमी पर प्रशासन सतर्क, पेट्रोल पंपों पर भीड़ से बचने की अपील

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कथित किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि महराजगंज में ईंधन और गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रम फैलाकर अनावश्यक स्थिति पैदा की जा रही है।
महाष्टमी और रामनवमी के पावन अवसर पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए डीएम ने अपील की कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है।
डीएम ने बताया कि प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखा गया है। जनपद में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और किसी एक पंप पर भीड़ न लगाएं। यदि किसी पंप पर अस्थायी रूप से ईंधन समाप्त हो जाए, तो नजदीकी अन्य पंपों पर आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित है।
डीएम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि जनपद में व्यवस्था सुचारू बनी रहे और त्योहारों का माहौल शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके।

विलंब पर सख्ती: पेंशन-देयकों के त्वरित भुगतान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में समिति के सभापति डॉ. रतनपाल सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, पदोन्नति, एसीपी, पेंशन भुगतान तथा अन्य देयकों में हो रहे विलंब की गहन समीक्षा की गई।
समिति ने जनवरी 2022 से दिसंबर 2025 के बीच सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों के पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य लंबित देयकों के मामलों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025–26 में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया।
सभापति डॉ. रतनपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त एवं मृत कार्मिकों के लंबित देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मृतक आश्रितों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया में तेजी लाकर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के लंबित प्रकरणों की स्थिति से समिति को अवगत कराया। अधिकांश विभागों में लंबित मामलों की संख्या नगण्य पाए जाने पर सभापति ने संतोष व्यक्त किया। हालांकि यह भी सामने आया कि शेष प्रकरण मुख्यतः शासन स्तर पर लंबित हैं।
बैठक में कृषि, उद्यान, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। सभापति ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कार्ययोजनाएं समय से शासन को भेजने के भी निर्देश दिए।
कृषि विभाग को मिलेट्स कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसानों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया। वहीं वन विभाग को वृक्षारोपण के बाद पौधों के संरक्षण और रख-रखाव के लिए विशेष उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व एवं माध्यमिक शिक्षा विभागों के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
न्यायालय में विचाराधीन मामलों को लेकर भी सभापति ने जानकारी प्राप्त की और संबंधित विभागों को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बजट की धनराशि का उपयोग न होना भी अपव्यय के समान है, इसलिए सभी विभाग उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करें।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभापति एवं समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सभापति ने जनपद में देयकों के भुगतान एवं कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी के नेतृत्व की सराहना की।
बैठक से पूर्व सभापति एवं समिति के सदस्यों का जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, डीसी एनआरएलएम जाकिर सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

पति की हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद में पीट-पीटकर की गई थी हत्या, पुलिस की कार्रवाई जारी

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा) थाना रामगढ़ताल क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना रामगढ़ताल पुलिस ने मुकदमा संख्या 173/2026, धारा 103(1) भा.न्या.सं. से संबंधित अभियुक्त राहुल पुत्र रमेश बेलदर निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना रामगढ़ताल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 24/25 मार्च 2026 की रात का है, जब पारिवारिक विवाद के दौरान मृतक की पत्नी और उसके पुत्र ने मिलकर उस पर पीढ़ा/डंडे से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रामगढ़ताल में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में पहले भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और अब राहुल की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

पुस्तकालय सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए एनएटीएस के तहत प्रशिक्षु चयन प्रस्ताव मंजूर

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में केन्द्रीय ग्रंथालय एवं विभागीय पुस्तकालयों को अधिक सुव्यवस्थित, क्रियाशील और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम के अंतर्गत प्रति वर्ष 10 प्रशिक्षुओं के चयन का महत्वपूर्ण प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
यह पहल तकनीकी कर्मचारियों की कमी को दूर करने के साथ ही छात्रों एवं शोधार्थियों को बेहतर और त्वरित पुस्तकालय सेवाएँ उपलब्ध कराने में सहायक होगी। प्रस्ताव को कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित वित्त समिति की बैठक में अनुमोदन मिला।
योजना के तहत चयनित प्रशिक्षुओं को एक वर्ष तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षु को ₹9000 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा, जिसमें ₹4500 का भुगतान बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, कानपुर द्वारा तथा ₹4500 का भुगतान विश्वविद्यालय करेगा। इस प्रकार 10 प्रशिक्षुओं पर कुल ₹45,000 प्रतिमाह व्यय होगा, जिसे “सेल्फ फाइनेंस मद” से वहन किया जाएगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होते हैं और इस पहल से पुस्तकालय सेवाएँ अधिक दक्ष, आधुनिक और उपयोगकर्ता-केंद्रित बनेंगी, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिलेगा।

डीडीयू शोध पात्रता परीक्षा आज से शुरू

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा (RET) 27 मार्च से विश्वविद्यालय परिसर में शुरू हो रही है। परीक्षा 28 मार्च को भी आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और नकलविहीन कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पहले दिन की परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम सत्र में राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, मनोविज्ञान, गणित, पर्यावरण विज्ञान, अंग्रेजी, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, वनस्पति विज्ञान और हिंदी विषयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं द्वितीय सत्र में शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, दर्शनशास्त्र, रक्षा अध्ययन, विधि, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुलपति प्रो. पूनम टंडन के निर्देश पर सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। मुख्य नियंता डॉ. टी. एन. मिश्र के नेतृत्व में परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी आदि) लाना जरूरी होगा।
परीक्षा कक्ष में कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखते हुए परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है।

सभी भारतवासी गौ माता कि रक्षा के लिए आगे आये-धरम दास

आगरा(राष्ट्र की परम्परा)
आपको बता दें कि ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्म दास महाराज ने पूरा जीवन गौ माताओ को समर्पित कर चुके है उन्होंने कहाँ कि गुरुवार को नवरात्रि पर्व के आठवें दिन मां महागौरी माता का दिन है।
26 मार्च को सुबह दस बजे पूजा पाठ कर सभी भारतवासियों से हाथ जोड़कर करते है कि महागौरी मां की सवारी भी गौ वंश है सम्पूर्ण विश्व की माता ही गौ माता है।आज भारत देश की हर राज्य से किन्नर समाज गौ माता के लिए आगे आ रही है तथा जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी हिमागी सखी माता के लिए आव्हान किया कि ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन में अपना पद संभाले और सम्पूर्ण भारत देश की सभी किन्नर समाज का कल्याण करें।
आने वाले 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस के लिए भी सम्पूर्ण भारत वासियों ने निवेद। उन्होंने कहाँ कि भारत देश के सभी राज्यों के संत समाज, किन्नर समाज, आदिवासी समाज,नर,नारी, युवा पीढ़ी से अपील करता हूँ कि गौ माता चराचर जगत की माता है इसमें तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास है उस माता की सेवा और रक्षा करें। स्वामी करपात्री महाराज ने जो संकल्प लिया था आज हम सभी उसी संकल्प को पूर्ण करने में लगे हुए हैं। देखना है कि इस भारत देश में कितने सनातनी लोगों है जो गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने में आगे आ रहे हैं।

गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य प्रशासन सतर्क

डीएम की अपील—अफवाहों से बचें; तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचकर कर रहा स्टॉक चेक

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।
प्रशासन की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तहसील स्तर पर टीमें लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर रही हैं। जहां कहीं भी पेट्रोल या डीजल खत्म होने की सूचना मिल रही है, वहां तहसील प्रशासन तुरंत पहुंचकर स्टॉक की जांच कर रहा है। यदि किसी पंप पर ईंधन की कमी पाई जाती है, तो तत्काल टैंकर मंगाकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत जिन पेट्रोल पंपों को बंद किया गया है, वहां भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं जानबूझकर पंप बंद कर कृत्रिम संकट तो नहीं बनाया जा रहा। यदि किसी पंप पर स्टॉक होने के बावजूद संचालन बंद पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि तेल कंपनियों से नियमित आपूर्ति जारी है और अधिकतम एक घंटे के भीतर टैंकर के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण ही कुछ स्थानों पर भीड़ की स्थिति बनी, जबकि वास्तविकता में कहीं कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी का परिचय दें, किसी भी अपुष्ट जानकारी को आगे न बढ़ाएं और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते जनपद में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

वनवास की मर्यादा और अहिल्या उद्धार से गूंजा श्रीराम कथा का भावपूर्ण मंच

सिद्धार्थनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के पथरा बाजार क्षेत्र के गौरी पाठक गांव में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के छठवें दिन श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। अयोध्या धाम से पधारे कथावाचक रामकुमार दास जी महराज ने भगवान श्रीराम के वनवास और अहिल्या उद्धार प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा व्यास ने कहा कि माता कैकेयी की प्रतिज्ञा को पूर्ण करने के लिए भगवान श्रीराम को चौदह वर्षों का वनवास स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने पिता दशरथ की आज्ञा और मर्यादा का पालन करते हुए बिना किसी विरोध के वनवास जाना स्वीकार किया। उनके साथ छोटे भाई लक्ष्मण और पत्नी माता सीता भी वन को प्रस्थान कर गए। वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने चित्रकूट में निवास किया और वहां अनेक प्रेरणादायक घटनाएं घटित हुईं।
महाराज ने बताया कि गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या को इंद्र ने छलपूर्वक भ्रमित किया था। जब इस घटना का पता गौतम ऋषि को चला तो उन्होंने क्रोधित होकर अहिल्या को पत्थर बनने का श्राप दे दिया। वर्षों तक वह पत्थर रूप में तपस्या करती रहीं और भगवान श्रीराम के आगमन की प्रतीक्षा करती रहीं।
कथावाचक ने बताया कि जब भगवान श्रीराम चित्रकूट पहुंचे और उनके चरणों का स्पर्श उस पत्थर से हुआ तो अहिल्या को श्राप से मुक्ति मिली और उनका उद्धार हो गया। इस प्रसंग से यह संदेश मिलता है कि भगवान के चरणों का स्मरण और भक्ति मनुष्य को हर बंधन से मुक्त कर सकती है।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने सीता का रूप धारण कर भगवान श्रीराम की मर्यादा की परीक्षा ली। भगवान श्रीराम ने तुरंत माता को पहचान लिया और उन्हें प्रणाम किया, जिसके बाद माता पार्वती अपने वास्तविक स्वरूप में प्रकट हो गईं।
कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन स्थल पर पूरे क्षेत्र से आए श्रद्धालु कथा श्रवण कर धर्म और मर्यादा के संदेश को आत्मसात करते नजर आए।

पर्पल डे पर मिर्गी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

जनपद में पर्पल डे के अवसर पर मिर्गी (Epilepsy) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सर्व सेवा संस्थान, नवरतनपुर, नवानगर द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में मिर्गी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा लोगों को इसके प्रति सही और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सभागार में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्या ममता प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मिर्गी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें मरीज को अचानक दौरे पड़ते हैं। इसके प्रमुख लक्षणों में बेहोशी, शरीर का अकड़ जाना, झटके आना तथा कुछ समय के लिए चेतना का लोप हो जाना शामिल है।प्राचार्या ने यह भी बताया कि समय रहते मिर्गी की पहचान और नियमित चिकित्सा से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस बीमारी से जुड़े अंधविश्वासों से दूर रहें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा कि मिर्गी से पीड़ित व्यक्ति पूरी तरह सामान्य जीवन जी सकता है, बशर्ते उसे सही उपचार और सहयोग मिले।
कार्यक्रम में जय राम प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में मिर्गी को लेकर कई गलत धारणाएं प्रचलित हैं, जिन्हें दूर करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से लड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और सभी को इसके प्रति संवेदनशील बनना चाहिए।इस दौरान विद्यार्थियों को मिर्गी के दौरे के समय दी जाने वाली प्राथमिक सहायता (First Aid) के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया। उन्हें बताया गया कि दौरे के समय मरीज को सुरक्षित स्थान पर लिटाना, उसके सिर को सहारा देना और भीड़ से दूर रखना जरूरी होता है, जबकि मुंह में कोई वस्तु डालने जैसी गलतियों से बचना चाहिए।कार्यक्रम में अनुष्का, सरिता, प्रिंस, रिमांशु सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिर्गी के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का निर्णय

पेट्रोल-डीजल व गैस आपूर्ति पर डीएम सख्त, अफवाहों से बचने की अपील

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा व अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने सभी सेल्स ऑफिसरों को निर्देश दिया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति हर हाल में सुचारु बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इन सभी आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल व गैस की खरीद करें और अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी को सुचारु रूप से आपूर्ति मिलती रहे।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार सहित इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के सेल्स ऑफिसर एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जबकि जमीनी हकीकत इससे भिन्न है। लोग लगातार पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं और पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी जा रही है और कई जगहों पर पेट्रोल नहीं है का बोर्ड लग गया है।

तारकेश्वर क्रिकेट एकेडमी ने 2-1से सीरीज पर अपना कब्जा जमाया

बरहज,देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
बाबा राघव दास क्रिकेट टूर्नामेंट 2026, तीन मैचों का सीरीज का फाइनल मुकाबला बाबा राघव दास भगवान दास पीजी कॉलेज के मैदान पर में खेला गया । मुख्यातिथि भाजपा नेता जितेन्द्र भारत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए मैच का उद्घाटन किया।
तारकेश्वर क्रिकेट अकादमी बरहज बनाम सहोदरा देवी क्रिकेट अकादमी, सलेमपुर के बीच फाइनल मैच था। सलेमपुर की टीम को ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी किया और 104 रन का लक्ष्य दिया, इसमें उत्कर्ष ने 38 गेंद पर 31 रन बनाया और नितिन ने 11 रन का योगदान दिया । बरहज टीम की तरफ से गेंदबाजी करने आए लव तथा कौशल ने 2-2 विकेट लिया।
तारकेश्वर क्रिकेट अकादमी की ओर से ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए शिवम ने 52 रन और अभिराज ने 12 रन का योगदान दिया । सलेमपुर की टीम की तरफ से गेंदबाजी करने आए उत्कर्ष ने 3 विकेट लिया। तारकेश्वर क्रिकेट अकादमी, बरहज नी लक्ष्य का पीछा करते हुए105 रन बनाकर 7 विकेट से फाइनल मैच का खिताब जीत लिया । शिवम् प्रसाद ने मैन ऑफ द मैच व 135 रन बनाकर मैन ऑफ द सीरीज अपने नाम किया । तीन मैचों की सीरीज में तारकेश्वर क्रिकेट एकेडमी बरहज ने 2-1 से सीरीज पर अपना कब्ज़ा जमाया।भाजपा नेता जितेन्द्र भारत व डॉ. अरविंद पाण्डेय ने विजेता व उपविजेता टीम को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बरहज टीम के कोच तारकेश्वर निषाद, सलेमपुर टीम के कोच शैलेन्द्र सिंह,, बंटी वर्मा, राजकेश्वर साहनी, भास्कर यादव, आराध्या निगम, गौरव विश्वकर्मा आदि मौजूद रहें।

शाहजहांपुर में नेटवर्क ठप: जियो-एयरटेल सेवाएं एक महीने से प्रभावित, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के जैतीपुर क्षेत्र के गढ़िया रंगीन में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में जियो और एयरटेल के टावर लगे होने के बावजूद कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं लगभग पूरी तरह ठप हैं।

एक महीने से बनी हुई है समस्या

ग्रामीणों के अनुसार, बीते एक महीने से नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक कंपनियों की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।

महंगे रिचार्ज के बाद भी नहीं मिल रही सुविधा

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद बुनियादी नेटवर्क सुविधा से वंचित हैं। इससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ऑनलाइन काम और पढ़ाई पर असर

वीर सिंह यादव, नितेश यादव, अनुभव शाक्य, जय सिंह, अखिलेश यादव और विवेक कुमार सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क न होने से ऑनलाइन कामकाज, बैंकिंग सेवाएं और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही आपसी संपर्क में भी दिक्कतें आ रही हैं।

ये भी पढ़े – गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं: DM दीपक मीणा, अफवाहों पर न दें ध्यान

पुलिस कार्य भी हो रहा प्रभावित

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि नेटवर्क समस्या का असर स्थानीय थाना स्तर के कार्यों पर भी पड़ रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई

कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। टावर कर्मचारी समर सिंह के अनुसार, टावर में तकनीकी खराबी नहीं है, बल्कि समस्या उच्च स्तर से जुड़ी हुई है।

आंदोलन की चेतावनी

समस्या के समाधान में हो रही देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नेटवर्क व्यवस्था ठीक नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

ये भी पढ़े – गोरखपुर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: लाठी-डंडे और रॉड से हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: लाठी-डंडे और रॉड से हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गोरखपुर जिले के थाना चिलुआताल क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस मामले में वादी पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना की जड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद और पेड़ काटने का मुद्दा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

लाठी-डंडे और रॉड से किया हमला

आरोप है कि अभियुक्तों ने एकजुट होकर वादी को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में वादी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया।

ये भी पढ़े – भारत-नेपाल बिजली परियोजना में मुआवजा विवाद गहराया, फसल नुकसान पर किसानों का आंदोलन चेतावनी

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वादी की तहरीर पर थाना चिलुआताल में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने जाकिर हुसैन, आशिक अली, दानिश खान, अरबाज खान और सलमान खान को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इलाके में पुलिस सतर्क

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

ये भी पढ़े – गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं: DM दीपक मीणा, अफवाहों पर न दें ध्यान