महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सनातन आस्था और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक सोमनाथ मंदिर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सहभागिता हेतु जनपद से 10 तीर्थ यात्रियों का दल गुजरात के लिए रवाना हुआ। दल को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए विदा किया।
रवानगी से पूर्व सभी यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसके पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यात्रियों को सौभाग्यशाली बताते हुए उनकी सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने भी यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नोडल अधिकारी के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी और सभी को शुभकामनाएं दीं।
जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी ने जानकारी दी कि संस्कृति विभाग एवं गुजरात सरकार के संयुक्त तत्वावधान में सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक आक्रमण के 1000 वर्ष तथा पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा में श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद से कुल 20 तीर्थयात्री इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे, जहां 19 अप्रैल को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सभी श्रद्धालु ट्रेन से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
महराजगंज से रवाना हुए 10 सदस्यीय दल में छोटेलाल गुप्ता, जगदीश त्रिपाठी, वीरेन्द्र चौहान, श्यामदेव साहनी, ओम प्रकाश पांडेय, मोलई प्रसाद, मनमोहन गुप्ता, प्रमिला, अविनाश कुमार एवं सुरेन्द्र विश्वकर्मा शामिल हैं। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन सहगल को नोडल अधिकारी के रूप में दल के साथ भेजा गया है, जो पूरी यात्रा का समन्वय करेंगे।
इस अवसर पर ईओ नगरपालिका आलोक कुमार, सूचना विभाग के विजय चौरसिया, भरत कुमार, रामप्रवेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें।
