संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के धनघटा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों ने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारण कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष समाधान किया जाए। धनघटा तहसील में कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक ने की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर मौके पर जाकर कार्रवाई करें, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।
ये भी पढ़ें – पंचायत चुनाव से पहले बड़ा अपडेट, जानिए कब जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
इसी क्रम में मेहदावल तहसील में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का मौके पर निस्तारण किया गया। साथ ही 8 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम गठित की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों में दोनों पक्षों को सुनते हुए निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही 6 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजने को कहा गया।
तीनों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 150 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई हुई, जिनमें से 22 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
