बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l बी.आर.डी.बी.डी. पी.जी. कॉलेज आश्रम बरहज में बी.ए. छठवें सेमेस्टर के राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों का विदाई समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं बाबा राघवदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर अदिति राजभर, वर्षा पांडेय और पूजा ने मंगलाचरण, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति और उत्साह से भर दिया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का यह चरण नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है और मेहनत व अनुशासन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जहां भी जाएं, अपने संस्कार और ज्ञान से संस्थान का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. दर्शना श्रीवास्तव ने कहा कि विदाई अंत नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत है। राजनीति विज्ञान के विद्यार्थी समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविन्द पाण्डेय ने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की सलाह दी। डॉ. मंजू यादव ने आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया, जबकि डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने समय के सदुपयोग और निरंतर अध्ययन पर जोर दिया।
इस दौरान सोनू जायसवाल सहित कई छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय में बिताए गए यादगार पलों को याद किया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
