Tuesday, June 16, 2026
Home Blog Page 25

राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और शौर्य के प्रतीक महाराणा प्रताप का 486वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया गया आह्वान

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में शनिवार को क्षत्रिय शिरोमणि महाराणा प्रताप का 486वां जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में समाज के लोगों ने महाराणा प्रताप के त्याग, बलिदान, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित एवं समाज हित में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कालिका सिंह द्वारा भगवान श्रीराम एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात पूर्व प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप अमर रहें के जयघोष के साथ वीर शिरोमणि को नमन किया।
अपने संबोधन में कालिका सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के खातिर अपना पूरा जीवन संघर्ष में व्यतीत कर दिया, लेकिन कभी भी मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्र निष्ठा की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श आज भी समाज और विशेष कर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और देशहित को सर्वोपरि रखना ही महाराणा प्रताप के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व करें तथा राष्ट्र और समाज के लिए सकारात्मक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
यह आयोजन दिनेश सिंह के आवास पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अभय सिंह, श्रीराम शाही, दिनेश सिंह, नमित सिंह, परमहंस सिंह, रघुवंश सिंह, आदित्य सिंह, विजय बहादुर सिंह, विपुल सिंह, सुनील शाही, राकेश सिंह, उत्सव सिंह, विपिन सिंह एवं सौरभ सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहें।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति की अमर गाथा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने समाज में भाई-चारा, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और गौरव का माहौल बना रहा।

जनसंघर्ष से सत्ता के शिखर तक : सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक यात्रा

  • नवनीत मिश्र

नव नियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का नाम आज पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक प्रभावशाली और निर्णायक नेता के रूप में लिया जाता है। जमीनी राजनीति, संगठन क्षमता और आक्रामक राजनीतिक शैली ने उन्हें राज्य की राजनीति के केंद्र में स्थापित किया है। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय तक जन आंदोलनों और विपक्ष की राजनीति का चेहरा रहे सुवेंदु अधिकारी अब बंगाल की नई राजनीतिक दिशा के प्रमुख सूत्रधारों में गिने जाते हैं।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के करकुली गांव में वर्ष 1970 में जन्मे सुवेंदु अधिकारी ऐसे परिवार से आते हैं, जिसकी पहचान राष्ट्रवादी विचारधारा और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए रही है। उनके पूर्वजों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया। यही कारण है कि बचपन से ही उनके भीतर जनसेवा और राजनीतिक चेतना के संस्कार विकसित हुए।
उन्होंने रवींद्र भारती यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय सुवेंदु अधिकारी ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का साधन माना। सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जाता है कि उन्होंने निजी जीवन की अपेक्षा जनसेवा को प्राथमिकता दी।
उनकी राजनीतिक यात्रा स्थानीय निकायों से शुरू हुई। नगर निकाय की राजनीति में सक्रिय रहते हुए उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। धीरे-धीरे वे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोकप्रिय होते गए। संगठन निर्माण और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ ने उन्हें राज्य राजनीति में तेजी से आगे बढ़ाया।
सुवेंदु अधिकारी कई बार विधायक और सांसद चुने गए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा और विपक्ष की आवाज को मुखर बनाया। उनकी भाषण शैली और राजनीतिक रणनीति ने उन्हें बंगाल की राजनीति का प्रमुख चेहरा बना दिया।
प्रशासनिक अनुभव भी उनकी राजनीतिक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। परिवहन और सिंचाई जैसे विभागों में मंत्री रहते हुए उन्होंने आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क और विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास किया। हल्दिया विकास प्राधिकरण से जुड़े रहते हुए उन्होंने औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने में भूमिका निभाई।
सुवेंदु अधिकारी की पहचान केवल एक राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि जनसंपर्क में विश्वास रखने वाले नेता के रूप में भी है। गांवों, कस्बों और छोटे शहरों में उनकी सक्रियता ने उन्हें जनता के बीच मजबूत आधार दिया। वे किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल की राजनीति में आए बड़े बदलावों में सुवेंदु अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने राज्य की राजनीति में वैचारिक संघर्ष को नई दिशा दी और विपक्ष को एक सशक्त स्वर प्रदान किया।
आज सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजनीति में परिवर्तन, संघर्ष और संगठन शक्ति के प्रतीक माने जाते हैं। समर्थकों के लिए वे जननेता हैं, जबकि विरोधियों के लिए एक मजबूत राजनीतिक चुनौती। लेकिन यह निर्विवाद है कि बंगाल की समकालीन राजनीति में उनका प्रभाव लगातार बढ़ता गया है और आने वाले समय में भी वे राज्य की राजनीति के केंद्र में बने रहेंगे।

अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में मनाई गई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती

ओमनी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,

वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

बस्ती(राष्ट्र की परम्परा)l मां भारती के वीर सपूत एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल रहे। वहीं विशेष रूप से कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आईएएस) ओ.एन. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर ओमनी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं वीरता से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराणा प्रताप के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन ओ.एन. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और महान वीरों के संघर्ष से परिचित कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्ण चन्द्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और त्याग के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का कार्य करते हैं। अन्य वक्ताओं ने हल्दीघाटी के युद्ध को स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए महाराणा प्रताप के संघर्षों को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

रेल प्रबंधक ने वाराणसी सिटी स्टेशन का गहन निरिक्षण किया

वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)l मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार 09 मई,2026 को पूर्वाह्न वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह के साथ वाराणसी सिटी स्टेशन का गहन निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने ग्रीष्मकालीन यात्रियों हेतु सुख सुविधाओं, संरक्षा,पोइंट्स एण्ड क्रासिंग एवं गाड़ी सं 15130 के रेक का निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन पूर्वाह्न सड़क मार्ग से वाराणसी-भटनी रेल खण्ड पर पड़ने वाले वाराणसी सिटी स्टेशन पहुँचे । उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन पर यात्री सुख सुविधाओं यथा मुख्य प्रवेश द्वार,दिव्यांग यात्री सुविधाओं,स्टेशन भवन,टिकट काउंटर, नेम बोर्ड, साइनेजेस, प्लेटफार्मों, फूड प्लाजा,खान-पान स्टॉल, वॉटर बूथ,वॉटर कूलर,पे एण्ड यूज शौचालय तथा प्लेटफार्मों पर चल रहे यात्री सुविधा विकास कार्यो समेत निर्माणाधीन पैदल उपरगामी पुल समेत यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए ठंडे पानी की उपलब्धता तथा स्टेशन पर वॉटर कूलर एवं पंखों कार्यशीलता बनाये रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन के पुनर्विकास से सम्बंधित निर्माण कार्यों प्लान देखा और कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय सीमा के अन्दर पूर्ण करने का सम्बंधित को निर्देश दिया।
संरक्षा उपकरणों के निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी सिटी के रिले रूम,डाटा लागर रूम, आई पी एस रूम,अग्निशमन यन्त्र,स्टेशन पैनल,इंटरचेंज पोइंट्स, टोकन लेस ब्लॉक इंस्टूमेंट, क्रैंक हैण्डिल, वीडर काउंटर, विफलता, ऑपरेशन कैंसिलेशन एवं पोइंट्स एण्ड क्रॉसिंग रजिस्टर का निरीक्षण किया और स्टेशन अधीक्षक से स्टेशन पर परिचलनिक व्यवस्था का संज्ञान लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर खड़ी 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर मेल एक्सप्रेस का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री जैन ने ट्रेन में यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुख सुविधाओं सहित कोच की स्वच्छता, कोचों का मेंटेनेंस, वॉटर रिफलिंग,कोच के लाइट एवं पंखों की कार्यशीलता व सुरक्षा का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित को ट्रेन में सुविधाओं का मानक स्तर एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्टेशन निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने सिटी स्टेशन यार्ड में पॉइंट्स संख्या 213 A का पॉइंट्स एण्ड क्रॉसिंग का आर डी एस ओ के मानकों के अनुरूप संरक्षा निरीक्षण किया और क्रमिक अनुरक्षण व निरीक्षण तथा संरक्षा संबंधी सभी मानकों को सुनिश्चित किया।
इस निरीक्षण के अवसर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक एच हाशमी सहित वरिष्ठ पर्वेक्षक एवं स्टेशन के कर्मचारी उपस्थित थे।

महाराणा प्रताप जयंती समारोह में गूंजा शौर्य और स्वाभिमान का संदेश

लार/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को अखिल क्षत्रिय महासभा देवरिया द्वारा चंद्रिका छात्रावास सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ऐतिहासिक गरिमा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां जिले भर से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
समारोह में विकास खंड लार के प्रमुख प्रतिनिधि अमित सिंह बब्लू ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल वीरता के प्रतीक नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा के महान स्रोत हैं। मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि सौदागर सिंह ने की। वहीं संस्था के वार्डन रणविजय सिंह बघेल ने महाराणा प्रताप के जीवन और संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्र गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप साहस, शौर्य और पराक्रम की जीवंत मिसाल हैं।
अतिथियों का स्वागत राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान रणवीर सिंह वीरा ने तलवार और अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि एवं भारतीय खाद्य निगम के सदस्य दीपू शाही ने कहा कि महाराणा प्रताप ने जीवनभर अन्याय और साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और त्याग एवं तपस्या का जीवन जिया।
समारोह को कौशल किशोर मणि त्रिपाठी, प्रभुदयाल सिंह, घनश्याम सिंह, निरंजन सिंह तथा बृजेश सिंह राजा समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर यासवल्कय सिंह एडवोकेट, राजनारायण सिंह, रुदनारायण सिंह, सुखारी सिंह, महेश प्रताप सिंह, शंकर दयाल सिंह, कमल कृष्ण सिंह, आरएन सिंह, संजय सिंह एडवोकेट, आदित्य सिंह, रत्नेश्वर सिंह, रतन प्रताप सिंह, अरुण सिंह, देवानंद सिंह, वरुण सिंह बघेल, शौर्य प्रताप सिंह, अंकित सिंह, दुर्गेश सिंह और चुन्नू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सोनौली बॉर्डर पर अफसरों की सख्ती, बोले सीमा सुरक्षा में लापरवाही किसी कीमत पर नहीं

भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली बॉर्डर स्थित आईसीपी परिसर और सीमावर्ती क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। अधिकारियों की मौजूदगी से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों में भी अतिरिक्त सक्रियता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बॉर्डर पर आने-जाने वाले यात्रियों की जांच प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन, वाहनों की चेकिंग तथा संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात जवानों से बातचीत कर उनकी ड्यूटी व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र में चौकसी और बढ़ाई जाए तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध वाहन मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा देश की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ निरंतर सक्रिय रहें और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी करती रहें।
निरीक्षण के दौरान बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ दिखाई दी। अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए, ताकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।

उर्दू अफसानों में दलित विमर्श पर राम उग्रह को पीएचडी उपाधि

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के शोधार्थी राम उग्रह को “उर्दू अफसानों में दलित मसायल की अक्कासी” विषय पर उर्दू भाषा एवं साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। उनकी शोध मौखिकी परीक्षा शनिवार को ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हुई। राम उग्रह ने अपना शोध कार्य उर्दू विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं साहित्यकार डॉ. महबूब हसन के निर्देशन में पूरा किया।
शोध मौखिकी में बाह्य परीक्षक के रूप में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के प्रोफेसर सोबान सईद शामिल रहे। इस अवसर पर उर्दू विभागाध्यक्ष एवं कला संकाय की डीन प्रोफेसर कीर्ति पांडेय भी उपस्थित रहीं।
प्रोफेसर कीर्ति पांडेय ने शोध निर्देशक और शोधार्थी को बधाई देते हुए कहा कि उर्दू साहित्यकारों ने शायरी के साथ-साथ समाज के दुख-दर्द को भी अभिव्यक्ति दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शोध कार्य समाज में समानता और एकरूपता की भावना को मजबूत करेंगे तथा विमर्श के नए आयाम स्थापित करेंगे।
प्रोफेसर सोबान सईद ने शोध विषय से जुड़े कई महत्वपूर्ण और प्रासंगिक प्रश्न पूछे, जिनका राम उग्रह ने संतोषजनक उत्तर दिया। बाह्य परीक्षक ने शोध कार्य की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विभाग के समन्वयक डॉ. साजिद हुसैन अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। ऑनलाइन वायवा में उर्दू विभाग सहित अन्य विभागों के शोधार्थी और छात्र भी उपस्थित रहे। डॉक्टरेट की उपाधि मिलने पर सभी ने राम उग्रह को बधाई दी।

गांव की समस्या-गांव में समाधान: चौपाल में विधायक की उपस्थिति में अधिकारियों को डीएम ने दिए निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के बेलहर कला विकास खंड की ग्राम पंचायत लोहरौली ठकुरई में मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और जिलाधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याओं को सुना। चौपाल में पेंशन, राशन कार्ड, बेसिक शिक्षा, आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला सुरक्षा, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन समेत विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समाधान कराने की अपील की।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने चौपाल में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर किया जाए। यदि शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाता है तो तहसील, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
“गांव की समस्या, गांव में समाधान” के सिद्धांत पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने बचे हुए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही भारत की जनगणना 2027 के तहत चल रहे स्वगणना अभियान की भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय, आवास योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, खंड विकास अधिकारी श्वेता वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

कृषि भवन के जीर्णोद्धार से विभागीय कार्यों को मिलेगी नई गति: सूर्य प्रताप शाही

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को जीर्णोद्धार के बाद कृषि भवन का फीता काटकर और शिलालेख का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में कठिनाई आ रही थी। भवन के जीर्णोद्धार के बाद अब यहां विभागीय कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगे और किसानों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।
उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं को किसानों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का संचालन पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। साथ ही आधुनिक और नवाचारी कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने जनपद में निर्माणाधीन कृषि परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की बात कही ताकि किसानों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बैतालपुर स्थित कृषि प्रशिक्षण केंद्र में कृषि विभाग के साथ अन्य विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुके भेंट कर कृषि मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद कृषि मंत्री, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कृषि परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मऊ में खनन माफियाओं पर प्रशासन सख्त, संयुक्त बैठक में अवैध खनन रोकने की बनी रणनीति

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। मऊ जिले की मधुबन तहसील सभागार में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने की, जिसमें खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन के विपरीत किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि गेहूं की कटाई के बाद क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हो गए हैं और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन का कारोबार जारी है।

जिलाधिकारी आनन्द वर्धन ने शासन के निर्देशों का उल्लंघन कर खनन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मानकों के विपरीत अवैध खनन पाया गया तो संबंधित स्थानीय प्रशासन की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सत्यप्रकाश ने सभी लेखपालों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने हल्का क्षेत्रों में व्यावसायिक रूप से खनन करने वालों की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पाण्डेय ने कहा कि विभागीय कमियों के चलते खनन माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में शासन की गाइडलाइन के अनुसार सख्त कार्रवाई जरूरी है।

बैठक में नायब तहसीलदार गौरव प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, एसओ रोहन कुमार, कानूनगो प्रभाकर उपाध्याय, मंगलेश्वर मौर्य और शरद यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

महराजगंज: तरबूज बचाने के विवाद में बछड़े पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र स्थित नवीन मंडी परिसर के पास शुक्रवार को एक बछड़े पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, थाना नौतनवा क्षेत्र के अमवा बरगदवा निवासी जसमुद्दीन खान मंडी परिसर के पास तरबूज की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान वहां घूम रहा एक बछड़ा तरबूज खाने लगा। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने चाकू से बछड़े पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। नौतनवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और घायल बछड़े का उपचार कराया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बछड़े की हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।

देवरिया: पंचायत सहायक की कार्यशैली से ग्रामीण नाराज, कांग्रेस नेता ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी बरहज को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की।

शनिवार को बरहज तहसील पहुंचे ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन में नियमित रूप से कार्य नहीं हो रहा है, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा। इसके चलते ग्रामीणों को बार-बार संबंधित विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सहायक की नियुक्ति गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन पंचायत भवन पर नियमित उपस्थिति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ज्ञापन में पंचायत स्तर पर संचालित कुछ कार्यों में पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि जरूरी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता रविप्रताप सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान भोला तिवारी, आचार्य हरेंद्र, बृजेश सिंह, गब्बर सिंह, उग्रसेन सिंह, डॉ. शैलेन्द्र जायसवाल, दिनेश, रमेश, मोनू, श्रीपति और भानुप्रताप सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

देवरिया: नपा अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने डीएम मधुसूदन हुल्गी से की शिष्टाचार मुलाकात, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया के नवनियुक्त जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी से शनिवार को नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नवीन दायित्व की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान नगर क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में साफ-सफाई, सड़क निर्माण, जलनिकासी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने और नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस दौरान जिले के विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने देवरिया जनपद को विकास, सुशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और सभी प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

देवरिया: थाना मईल के सामने वर्षों से खड़े ट्रकों को हटाने की मांग, समाधान दिवस में सौंपा ज्ञापन

मईल/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण की समस्या को लेकर समाधान दिवस पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। स्थानीय नेताओं ने थाना मईल के सामने वर्षों से खड़े ट्रकों को हटाने और सड़क की पटारियों की मरम्मत कराने की मांग उठाई।

राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजय दीप कुशवाहा तथा समाजवादी पार्टी अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेराम आर्या ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मईल–मुसैला–भागलपुर मार्ग की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया।

ज्ञापन में बताया गया कि सड़क की कच्ची पटारियों पर झाड़ियां उग आई हैं और कई स्थानों पर पटारियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। नेताओं ने मांग की कि सड़क किनारे की सफाई और मिट्टी भराई का कार्य जल्द कराया जाए।

इसके अलावा थाना मईल मुख्यालय के सामने वर्षों से सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण अतिक्रमण और यातायात बाधित होने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। पूर्व में एक होमगार्ड कर्मचारी की मौत भी इसी समस्या के कारण हो चुकी है।

नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द स्थायी समाधान किया जाए। इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी देवरिया और मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ को भी भेजी गई है।

बलिया: बेदुआ बंधे पर शराब की दुकानों के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन उग्र, पुलिस से झड़प

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बलिया शहर के बेदुआ बंधे पर स्थित सरकारी शराब की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन शनिवार को उग्र हो गया। पांच दिनों से धरना और क्रमिक अनशन कर रहे स्थानीय लोगों और महिलाओं का गुस्सा उस समय भड़क उठा जब उन्होंने आबकारी विभाग का पुतला दहन करने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला छीनकर नाले में फेंक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकानों के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो गया है और आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। उनका कहना है कि राह चलती महिलाओं और छात्राओं को छींटाकशी और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब की दुकान के आसपास स्कूल, मंदिर और पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं और शराबियों की गतिविधियों का गलत असर युवाओं पर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों को आबादी से दूर नहीं हटाया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।