बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी बरहज को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को बरहज तहसील पहुंचे ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन में नियमित रूप से कार्य नहीं हो रहा है, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा। इसके चलते ग्रामीणों को बार-बार संबंधित विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सहायक की नियुक्ति गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन पंचायत भवन पर नियमित उपस्थिति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में पंचायत स्तर पर संचालित कुछ कार्यों में पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि जरूरी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता रविप्रताप सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान भोला तिवारी, आचार्य हरेंद्र, बृजेश सिंह, गब्बर सिंह, उग्रसेन सिंह, डॉ. शैलेन्द्र जायसवाल, दिनेश, रमेश, मोनू, श्रीपति और भानुप्रताप सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
