
कानपुर में आयोजित होगी अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता, पहले मुकाबले में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से होगा सामना
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की पुरुष फुटबॉल टीम सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए रविवार को कानपुर रवाना हुई। प्रतियोगिता का आयोजन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में किया जा रहा है। टूर्नामेंट में बीबीएयू की टीम अपने अभियान की शुरुआत नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के खिलाफ मुकाबले से करेगी।टीम की रवानगी के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल भावना का भी विकास करती हैं।कुलपति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास, मेहनत और समर्पण के साथ मैदान में उतरें तथा विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें।टीम के मैनेजर एवं कोच डॉ. रवि शंकर वर्मा भी खिलाड़ियों के साथ कानपुर रवाना हुए। विश्वविद्यालय परिवार ने टीम को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
