गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग ने शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग के प्रो. आमोद कुमार राय और शोधार्थी ज़ेहरा शमशीर का संयुक्त शोध पत्र इंग्लैंड से प्रकाशित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘एक्टा’ (ACTA) के नवंबर 2026 अंक में प्रकाशित हुआ है। स्कोपस (Scopus) की Q1 श्रेणी में सूचीबद्ध इस अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका में प्रकाशित होने वाला यह अंग्रेजी विभाग का पहला शोध पत्र है। यह पत्रिका SCImago में भी सूचीबद्ध है।’चार्टिंग न्यू ट्रेजेक्टरीज: कम्पेरेटिव इन्वेस्टिगेशन इनटू न्याय स्कूल एंड रीडर रिस्पांस थ्योरी’ शीर्षक से प्रकाशित इस शोध में भारतीय न्याय दर्शन और पश्चिमी साहित्यिक आलोचना की रीडर रिस्पांस थ्योरी के बीच तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। शोध में महर्षि गौतम के न्याय दर्शन के चार प्रमाणों—प्रत्यक्ष, अनुमान, उपमान और शब्द—के आधार पर साहित्यिक पाठ के अर्थ निर्माण की प्रक्रिया का विश्लेषण किया गया है। इसके साथ ही साहित्य की व्याख्या में पाठक की भूमिका, उसके पूर्वज्ञान और सक्रिय सहभागिता को भी विस्तार से रेखांकित किया गया है।शोध में भारतीय दार्शनिक परंपरा और आधुनिक साहित्यिक आलोचना के बीच वैचारिक संबंधों की पड़ताल करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा के आधार पर साहित्यिक आलोचना की नई संभावनाओं को सामने रखा गया है। इसमें पश्चिमी रीडर रिस्पांस सिद्धांत और भारतीय न्याय दर्शन के बीच समानताओं एवं अंतर्संबंधों को रेखांकित किया गया है। यह अध्ययन भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक अकादमिक विमर्श से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इस उपलब्धि पर अंग्रेजी विभाग की प्रो. सुनीता मुर्मू, प्रो. अजय शुक्ला, प्रो. अवनीश राय, प्रो. शिखा सिंह, प्रो. अजय चौबे, प्रो. गौरहरि बेहरा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. संजीव और डॉ. बृजेश कुमार सहित विभाग के अन्य शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने दोनों शोधकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।इस अवसर पर प्रो. आमोद कुमार राय ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस शोध प्रकाशन से विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक शैक्षणिक मंच पर प्रस्तुत करने का मार्ग भी मजबूत हुआ है।