पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में दी गई जानकारी

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। जागरूकता के अभाव में व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित रह सकता है, जबकि कानूनी जानकारी होने पर वह अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकता है। इसी उद्देश्य से विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह के निर्देशन में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कानून की जानकारी ही अपने अधिकारों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। छात्राओं को देश-दुनिया में घटित घटनाओं से अवगत रहने के साथ ही अपने आसपास की परिस्थितियों के प्रति सजग और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक बेटियां न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, किसी भी प्रकार के असहज व्यवहार अथवा उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय परिजनों और संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने तथा कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने में कानून की भूमिका के बारे में भी विस्तार से बताया गया।डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पाण्डेय ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद और पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी कानूनी समस्या या अधिकारों के हनन की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की।शिविर के दौरान विद्यालय की नोडल शिक्षिका ऋचा श्रीवास्तव, शाहनवाज, मुलायम यादव सहित अन्य शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।