
जी.पी.ओ. पार्क में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, ‘पटेल स्मारिका-2026’ का विमोचन
लखनऊ(राष्ट्र की परम्परा)देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार देने वाले लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और समर्पण की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श आज भी देश को एकजुट रखने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं। यह बात उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को लखनऊ के जी.पी.ओ. पार्क में सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर कही।उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर ‘पटेल स्मारिका-2026’ का विमोचन भी किया गया।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल का अद्वितीय नेतृत्व, लौह इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अटूट समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता से देश की एकता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
