अफजाल अंसारी की अचानक बिगड़ी तबीयत, देर रात मेदांता में भर्ती! पेट दर्द और उल्टियों के बाद मचा हड़कंप, अब्बास अंसारी ने की दुआ की अपील

लखनऊ/गाजीपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। गाजीपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ने से समर्थकों में चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को पेट दर्द और उल्टियों की शिकायत के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। शरीर में पानी की कमी और घबराहट बढ़ने पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ लेकर पहुंचे, जहां देर रात करीब 12 बजे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल गैस्ट्रो मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही उनके समर्थक और शुभचिंतक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो गए। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। शुरुआती जांच के तहत अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराई गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उनकी सेहत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राजेश कपूर के मुताबिक, अफजाल अंसारी को शुक्रवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी जांच और उपचार में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने की जानकारी उनके भतीजे और मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने समर्थकों से अपने बड़े अब्बा के जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआ और प्रार्थना करने की अपील की। अब्बास अंसारी ने अपने संदेश में लिखा, “बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब (सांसद गाजीपुर) की तबीयत अचानक खराब हो गई है। लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट हैं। आप सभी से दुआओं, प्रार्थनाओं की गुजारिश है।” अब्बास अंसारी की इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर भी अफजाल अंसारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं की जाने लगीं। हालांकि, उनकी बीमारी की वास्तविक वजह और स्वास्थ्य की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मेडिकल बुलेटिन आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अफजाल अंसारी उत्तर प्रदेश की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं और वर्तमान में गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं। उनका लंबा राजनीतिक सफर रहा है। वह पांच बार मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट से विधायक और तीन बार गाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। ऐसे में उनकी तबीयत खराब होने की खबर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है। उधर, अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत अंसारी से जुड़े चित्रकूट जेल में कथित अवैध मुलाकात के मामले में भी सुनवाई टल गई है। गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण की विशेष अदालत में आरोपियों के उपस्थित नहीं होने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। अदालत में विधायक अब्बास अंसारी, उनकी पत्नी निकहत अंसारी और अन्य आरोपियों की ओर से अधिवक्ताओं ने माफी हाजिरी का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। निर्धारित समय तक आरोपियों के नहीं पहुंचने पर सुनवाई नहीं हो सकी। पिछली सुनवाई के दौरान आरोपी चालक नियाज के बयान दर्ज किए गए थे। आगरा की केंद्रीय जेल में बंद आरोपी जगमोहन भी इस बार अदालत में पेश नहीं हुआ था। वह छह अक्टूबर को पिछली एक सुनवाई में अदालत पहुंचा था और अपनी हाजिरी दर्ज कराई थी। फिलहाल सभी की निगाहें अफजाल अंसारी के स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं। समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।