
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सतर्कता बढ़ाई।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला एवं पुरुष नागरिकों से संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मान, सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत देते हुए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा के तहत एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाना तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस के अनुसार, जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
