
छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर दिया जोर
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने शुक्रवार को विकासखंड सीयर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, कंप्यूटर शिक्षा सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों की संख्या के संबंध में भी पूछताछ की। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में आठ शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि चौकीदार, सफाई कर्मचारी और रसोइयों सहित कुल 14 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनकी बुनियादी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार कराया जाए और उसकी गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।डीएम और एसपी ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि छात्राओं को स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
