परिजनों ने पति के चाचा पर लगाए आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बुद्धिरामपुर गांव में शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने से 27 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मां की मौत से पांच और तीन वर्ष के दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान बुद्धिरामपुर निवासी शमशेर की पत्नी मरियम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। आनन- फानन में उसे उपचार के लिए परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मरियम का विवाह वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हसनैन पांच वर्ष का, जबकि छोटा बेटा अब्दुर्रहमान तीन वर्ष का है। मां की असमय मौत से दोनों बच्चे मां की ममता से महरूम हो गए। मृतका के पिता आलमगीर सियरहिभार गांव के निवासी हैं। घटना के बाद मायके पक्ष में भी दुख का माहौल है। परिजनों ने मृतका के पति के चाचा पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विवाहिता ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसके पीछे क्या कारण रहे और घटना के लिए कोई जिम्मेदार है या नहीं, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में श्यामदेउरवां थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।