
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर शनिवार को जनपद भर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सतर्कता बढ़ाते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने सुबह टहलने निकले महिला और पुरुष नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से भी आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत देते हुए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया।पुलिस के अनुसार, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाना तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जनजागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
