
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सिसवा विकासखंड की ग्राम पंचायत हरखपुरा में 3.17 करोड़ रुपये की लागत से भव्य बारात घर का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर परियोजना का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया। परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत बनने वाले इस भवन के निर्माण के लिए 11 माह की समय-सीमा निर्धारित की गई है।बारात घर का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को शादी-विवाह सहित विभिन्न सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। इससे ग्रामीणों को निजी स्थानों की व्यवस्था करने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही, गांव में सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन को भी बढ़ावा मिलेगा।शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क, नाली और भवनों का निर्माण कराना नहीं, बल्कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। हरखपुरा में बनने वाला बारात घर ग्रामीणों की सामाजिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही आपसी मेल-जोल और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए।जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बारात घर और उत्सव भवन जैसे सार्वजनिक भवनों का निर्माण स्थानीय जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परिसंपत्तियों का लाभ आमजन को लंबे समय तक मिलता है। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनसहभागिता और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।समारोह के दौरान महिलाओं ने मंगलगीत गाकर आयोजन को पारंपरिक रंग प्रदान किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपाल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत की निवर्तमान प्रधान एवं प्रशासक मेवाती देवी, प्रशासक राम गोपाल यादव, ग्राम पंचायत सचिव शशिकांत पाण्डेय सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
