पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, 2 अक्टूबर की रात इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी हुई थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)
निगोही थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को धुल्लिया चेकपोस्ट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिंदु पुत्र गोकरन (30) निवासी भड़ारी थाना बीसलपुर पीलीभीत घायल हो गया। वहीं रोहित सरोज पुत्र राकेश सरोज (28) निवासी काच्छा सुकुलपुर थाना जेठवारा, प्रतापगढ़ को सुबह 4:05 बजे नदी किनारे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली 2 अक्टूबर की रात ग्राम गुरगांव स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी की गई थी। मामले में थाना निगोही पर मुकदमा संख्या 451/2026, धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। घायल आरोपी को सीएचसी निगोही से जिला चिकित्सालय शाहजहांपुर रेफर किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
