बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। महथापार निवासी बीरबल वर्मा को उनके पैतृक मकान में हिस्सेदारी दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को भाकपा माले के वरिष्ठ नेता श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में उनके आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए 28 अक्टूबर को न्याय मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए श्रीराम चौधरी ने कहा कि बीरबल वर्मा अपने पैतृक मकान में हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि उन्हें अपने हिस्से के मकान में रहने नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते वह पिछले करीब 19 महीने से अपने परिवार के साथ घर के बाहर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मामले का निष्पक्ष समाधान कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए।बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि पारिवारिक संपत्ति विवाद का समाधान आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को उसके अधिकार के अनुरूप पैतृक मकान में हिस्सेदारी दिलाने की मांग उठाई।बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे महथापार में न्याय मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से मामले को प्रमुखता से उठाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने न्याय मार्च को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।इस अवसर पर नियाज अहमद, सुमारिया देवी, भागवत लाल साहब, गौतम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।