देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुरौली की साइबर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के दो पीड़ितों की कुल 10,213 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद पीड़ितों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।पुलिस के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के भटजमुआव निवासी आलोक नाथ ने साइबर ठगी के संबंध में 3 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में साइबर टीम ने तत्काल धनराशि होल्ड कराई और मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) पोर्टल के माध्यम से विधिक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में 5,000 रुपये वापस कराए।वहीं, भरौली निवासी अमन कुमार ने 3 सितंबर 2026 को साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम होल्ड कराई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 5,213 रुपये उनके खाते में वापस कराए।धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने सुरौली साइबर पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षी इमरान अंसारी और महिला आरक्षी शालिनी मिश्रा शामिल रहे।साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायतदेवरिया पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।