चिउरहा की बेसन निर्माण इकाई और फरेंदा रोड के प्रतिष्ठान में हुई जांच, प्रयोगशाला भेजे गए नमूने

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नवरात्र पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभागीय टीम ने चिउरहा स्थित बेसन निर्माण इकाई और फरेंदा रोड के एक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसन और ज्ञान ब्रांड घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II केके उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले चिउरहा स्थित रूचि एग्रो प्रोडक्ट की बेसन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां निर्माण प्रक्रिया, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इसके बाद बेसन का नमूना संग्रहित कर सील किया गया और प्रयोगशाला भेज दिया गया।इसके बाद टीम फरेंदा रोड स्थित अशोक इंटरप्राइजेज पहुंची। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। टीम ने प्रतिष्ठान से ज्ञान ब्रांड घी का नमूना भी संग्रहित किया। दोनों नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।नवरात्र के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग ने खाद्य कारोबारियों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने, स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिलावटी, दूषित अथवा मानकविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह और हिमांशु जयंत शामिल रहे।