
19 निजी कंपनियों ने एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों का लिया साक्षात्कार
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र नानपारा के रूपईडीहा स्थित लार्ड बुद्धा पीजी कॉलेज में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में शामिल 19 निजी कंपनियों ने एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिनमें 536 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने अन्य अतिथियों के साथ नियुक्ति पत्र वितरित किए।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राम निवास वर्मा ने कॉलेज के प्रबंधक एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र तथा अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।विधायक राम निवास वर्मा ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर छोटे उद्योग भी बड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों का रूप ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें रोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सके और नौकरी प्राप्त करने में आसानी हो। विदेश में रोजगार पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों को उन्होंने किसी निजी एजेंसी के माध्यम से जाने से पहले सतर्क रहने तथा सेवायोजन विभाग के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी।विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रतिभागी कंपनियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने, अपना रिज्यूम जमा करने और उपलब्ध अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।रोजगार मेले में 19 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के अनुसार चयन किया। चयनित 536 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम के अंत में जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने रोजगार मेले के उद्देश्यों, प्रतिभागी कंपनियों और सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों, कंपनियों, छात्र-छात्राओं और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एपी श्रीवास्तव ने किया।इस अवसर पर लार्ड बुद्धा पीजी कॉलेज के यशपाल सिंह, डॉ. तारिक, वरिष्ठ शिक्षक मनीराम शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग, अभ्यर्थी, उनके अभिभावक तथा सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
