
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए बुधवार को जिलेभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पार्क, स्टेडियम, प्रमुख मार्ग, विद्यालय, मंदिर और शिवालयों के आसपास पुलिस टीमों ने विशेष सतर्कता बरती।पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों और प्रमुख मार्गों पर मॉर्निंग वॉक करने वाले महिला और पुरुष नागरिकों से संवाद किया। उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। पुलिसकर्मियों ने प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा के तहत एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस के अनुसार “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाना, नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
