
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत बालापार गांव में गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता कर पशु सेवा, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने गौशाला तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता कार्यों में सहयोग किया। इसके साथ ही गायों की देखभाल, सेवा तथा चारे और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था में भी योगदान दिया। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सहयोग किया।कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा उनमें सेवा, संवेदना, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ समाज और अन्य जीवों के प्रति अपने दायित्वों को व्यवहार में समझने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि गौ सेवा के माध्यम से विद्यार्थियों ने पशु सेवा के साथ ग्रामीण समुदाय से संवाद और सहभागिता भी की। इससे विद्यार्थियों में सहयोग, संवेदनशीलता और सामुदायिक सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।कार्यक्रम में सौम्या पांडेय, सूरज, तन्मय, विवेक राज, श्रवण, अश्विता, खुशी, काजल, अंकिता और तनुश्री सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी समाजहित और जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
