रांची में भारत-वेस्टइंडीज T20 से पहले ट्रैफिक अलर्ट! 9 अक्टूबर को सुबह 6 से रात 11 बजे तक कई रास्ते बंद, जानिए पार्किंग और वैकल्पिक रूट


रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर 2026 को होने वाले अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबले को लेकर यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदलने वाली है। JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों और शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। मैच के दिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि स्टेडियम के आसपास कुछ रास्तों पर सामान्य वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक भारी मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की व्यवस्था अपनानी होगी। शालीमार चौक से JSCA स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग पर केवल एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी।
मैच के दौरान सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक से जुड़े मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इन मार्गों पर सुबह 6 बजे से मैच समाप्त होने तक मालवाहक वाहनों के अलावा ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
दर्शकों को स्टेडियम के गेट के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करना होगा। पार्किंग स्थल से स्टेडियम तक कई स्थानों पर पैदल जाने की व्यवस्था रहेगी।
South और South East Gate के टिकट धारकों के लिए धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मिया मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। प्रभात तारा मैदान भर जाने पर दर्शक DAV स्कूल, जवाहर स्टेडियम अथवा संत थॉमस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
West Gate के टिकट धारकों को धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक और धुर्वा बस स्टैंड के रास्ते सखुआ बागान पार्किंग तक जाना होगा। पार्किंग भरने की स्थिति में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में वाहन खड़ा करने की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद दर्शकों को पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।
नया सराय रिंग रोड की तरफ से आने वाले दर्शकों के लिए हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलीपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन खड़ा करने के बाद दर्शक तिरिल मोड़ और JSCA नॉर्थ गेट की ओर से स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
VIP और VVIP पास धारकों के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी। इन्हें शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल की ओर से नॉर्थ गेट के समीप निर्धारित VIP प्रवेश मार्ग से स्टेडियम में प्रवेश कराया जाएगा। VIP और VVIP वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना होगा।
मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम के आसपास अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं।
रातू, मांडर और चान्हो की ओर जाने वाले वाहन तिरिल-कुटे-नवाटोली होते हुए नयासराय और फिर रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। नगड़ी, इटकी और बेड़ो जाने वाले लोगों के लिए भी तिरिल-कुटे-नवाटोली-नयासराय होते हुए रिंग रोड का रास्ता सुझाया गया है।
कांके, पिठौरिया और ओरमांझी की ओर जाने वाले वाहन नयासराय से रिंग रोड होते हुए तिलता चौक की तरफ जा सकेंगे। वहीं नामकुम, टाटीसिलवे, सिल्ली और मुरी की ओर जाने वालों को झारखंड मंत्रालय यानी प्रोजेक्ट भवन की तरफ से तुपुदाना और रिंग रोड होते हुए आगे जाने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने रांचीवासियों से अपील की है कि मैच के दिन अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहन लेकर निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों पर न निकलें। दर्शकों से भी अपील की गई है कि वे अपने टिकट पर अंकित गेट के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे स्टेडियम के आसपास जाम की स्थिति को नियंत्रित करने और दर्शकों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।