रात में गायब हुआ नौवीं का छात्र, पोखर में मिला शव; साइकिल ने खोला हत्या का सनसनीखेज राज

कटरा/राजाडीह (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जिले के कटरा थाना क्षेत्र के राजाडीह गांव में 14 वर्षीय छात्र पिंटू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से छात्र की दोस्ती को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में छात्र की हत्या किए जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने मदन दास और उसकी पत्नी रीता देवी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया गया है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के मुताबिक, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला पिंटू कुमार रविवार शाम घर से गेहूं पिसवाने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। छात्र की मां रंजू देवी की शिकायत पर कटरा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र की पड़ोसी परिवार की नाबालिग बेटी से दोस्ती की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, पिंटू का उस परिवार के घर आना-जाना भी था। इसी जानकारी के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ी और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस का आरोप है कि रविवार रात मदन दास ने अपने घर में पिंटू को अपनी बेटी के साथ देख लिया। इसके बाद वह कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और गमछे से फंदा बनाकर छात्र का गला घोंट दिया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में पिंटू की मौत हो गई।
घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, मदन दास शव को कंधे पर लेकर रात करीब 11:30 बजे राजाडीह पुल के समीप स्थित पोखर तक गया और वहां जलकुंभी के बीच शव छिपा दिया।
छात्र की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर मदन दास के घर की तलाशी ली। इस दौरान पिंटू की साइकिल बरामद होने के बाद पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद मदन दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की निशानदेही पर एनएच के समीप स्थित पोखर से छात्र का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एसडीपीओ पूर्वी-01 अलय वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। कटरा थाना पुलिस को भी टीम में शामिल किया गया था। टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और पुलिस का दावा है कि महज 24 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझा ली गई।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में विधि-विरुद्ध बालिका से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी नियमानुसार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपपत्र दाखिल करने तथा मामले के स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा की जाएगी। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।