गाय को बचाने पहुंचे थे ध्रुव नारायण सिंह, टीनशेड गिरने से मलबे में दबे
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
पकड़ी थाना क्षेत्र के सरया गांव में सोमवार की भोर दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय पूर्व सैनिक ध्रुव नारायण सिंह की झोपड़ी में आग लगने से मौत हो गई। हादसे में उनकी गाय की भी जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
बताया जाता है कि ध्रुव नारायण सिंह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित टीनशेड की झोपड़ी में गाय को बांधकर उसके पास सो रहे थे। झोपड़ी के चारों ओर घास-फूस की टाट लगी थी। मच्छरों से बचाव के लिए झोपड़ी में उपला जलाकर धुआं किया गया था। इसी दौरान किसी तरह आग लग गई। घास-फूस होने के कारण आग तेजी से पूरी झोपड़ी में फैल गई।
आग की लपटें देखकर ध्रुव नारायण सिंह गाय को बचाने के लिए झोपड़ी की ओर दौड़े। इसी बीच आग की चपेट में आने से टीनशेड गिर गया और गाय उसके नीचे दब गई। उसे बचाने के प्रयास में ध्रुव नारायण सिंह भी आग की चपेट में आ गए और मलबे में दबकर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मलबे में दबने से गाय ने भी दम तोड़ दिया।ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पकड़ी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर उपले से निकली चिंगारी को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
