
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संत कबीर नगर के विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में किया गया। जनपद में कक्षा 9-10 तथा 11-12 के कुल 1240 पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
खलीलाबाद के हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज में सदर विधायक अंकुर राज तिवारी की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र दिए गए। धनघटा के श्रीराम नरेश बुद्धिसागर इंटर कॉलेज उदहां, पौली में विधायक गणेश चंद्र चौहान की उपस्थिति में प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं मेंहदावल के राम नरेश चौधरी इंटर कॉलेज रमवापुर सरकारी में विधायक अनिल त्रिपाठी के प्रतिनिधि ने छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र और जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
