
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत रविवार को देवरिया में सपा कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार आवाज उठाई।
सपा कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च जलकल रोड, मोतीलाल रोड, बरहज गली, मालवीय रोड, स्टेशन रोड, अबूबकर नगर और नगरपालिका रोड होते हुए सुभाष चौक पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता कचहरी की ओर आगे बढ़े। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी की।
सुभाष चौक पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध जताया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जनता के बीच उठ रही चिंताओं का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना जरूरी है।
पैदल मार्च में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, निष्पक्ष चुनाव और जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
सपा नगर अध्यक्ष नसीम लारी पंकज वर्मा,सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदर्शन में मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
