देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। नगरीय क्षेत्र के भ्रमण के लिए निकलते समय उनकी नजर कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों पर पड़ी। इस पर उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाया और बारिश के बीच छाता लेकर फरियादियों के बीच पहुंच गए।

जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बारिश के बावजूद जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर फरियादियों ने अपनी समस्याएं खुलकर उनके समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी के इस व्यवहार से फरियादियों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिला।