30 सितंबर को विकास भवन सभागार में लगेगा मोबाइल कोर्ट, मौके पर सुनी जाएंगी शिकायतें

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। दिव्यांगजनों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 30 सितंबर को विकास भवन के सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजन अपनी समस्याओं और शिकायतों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों में जागरूकता बढ़ाना, उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करना, समाज में उनकी पूर्ण एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है। विभाग ने जिले के दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की है।मोबाइल कोर्ट में 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों को समेकित वातावरण में निःशुल्क शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण तथा गरीबी उन्मूलन एवं कल्याणकारी योजनाओं में आरक्षण से जुड़े मामलों को रखा जा सकेगा। इसके अलावा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सुविधाओं एवं अधिकारों से संबंधित कार्यकारी आदेशों और अन्य निर्देशों से जुड़े मामलों की भी सुनवाई होगी।दिव्यांगता के आधार पर भेदभावपूर्ण व्यवहार, दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए जाने में आ रही समस्याओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में हो रही दिक्कतों से संबंधित शिकायतें भी मोबाइल कोर्ट में प्रस्तुत की जा सकेंगी।विभाग के अनुसार दिव्यांगजन स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायत और समस्या दर्ज करा सकते हैं। संबंधित मामलों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply