Saturday, August 1, 2026
HomeNewsbeatलेहड़ा स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आई युवती, तीन घंटे...

लेहड़ा स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आई युवती, तीन घंटे बाद हुई पहचान

बढ़नी-नकहा पैसेंजर ट्रेन से हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।जानकारी के अनुसार, बढ़नी-नकहा पैसेंजर ट्रेन के लेहड़ा रेलवे स्टेशन से गुजरने के दौरान पूर्वी छोर पर एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभ में मृतका की पहचान नहीं हो सकी। बृजमनगंज पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य माध्यमों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया।करीब तीन घंटे बाद मृतका की पहचान प्रीति सिंह (21) पुत्री कमल सिंह, निवासी ग्रामसभा विशुनपुर मुख्तार टोला, थाना बृजमनगंज के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, प्रीति शनिवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी। इसके बाद करीब ढाई बजे लेहड़ा रेलवे स्टेशन के पास उसके ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली।बताया गया कि मृतका के पिता कमल सिंह और भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर काम करते हैं। घर पर उसकी मां, छोटी बहन और बाबा रहते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत ट्रेन की चपेट में आने से दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments