महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृजमनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित ₹15,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए थाना बृजमनगंज पुलिस टीम ने अभियुक्त संदीप पुत्र राजाराम निवासी गजरहा, थाना नौतनवां को गिरफ्तार किया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर ₹15,000 का इनाम घोषित था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र की एक महिला ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को ग्राम लेहड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय महाराजगंज पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, उप निरीक्षक पंकज यादव, उप निरीक्षक सावंत कुमार, उप निरीक्षक आलोक यादव, हेड कांस्टेबल कुलदीप यादव एवं कांस्टेबल रवि वर्मा की अहम भूमिका रही।
