महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के विकासखंड परतावल अंतर्गत ग्राम पंचायत लखिमा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े गैस सिलेंडर लूट की घटना सामने आई। राज गैस सर्विस का एक कर्मचारी घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी के लिए गांव पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ मनबढ़ युवक अचानक मौके पर पहुंचे और कर्मचारी के पास मौजूद दो गैस सिलेंडर चुराकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कर्मचारी द्वारा शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी युवक सिलेंडर लेकर भाग चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि इन दिनों पेट्रोल-डीजल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण क्षेत्र में पहले से ही असामान्य स्थिति बनी हुई है। पेट्रोल पंपों पर भीड़, ईंधन की अधिक खरीद और बाजार में बढ़ती बेचैनी के बीच असामाजिक तत्व मौके का फायदा उठाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इसी अव्यवस्था का लाभ उठाते हुए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी मानसिक रूप से काफी सहमा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव और आस-पास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आस- पास के लोगों से पूछ-ताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अफवाहों और अव्यवस्था के माहौल में किस प्रकार असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में प्रशासन और आमजन दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
