जैतीपुर (राष्ट्र की परम्परा)। एक ओर सरकार द्वारा विद्यालयों के रखरखाव और बच्चों की शिक्षा पर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं ब्लॉक क्षेत्र के कई विद्यालयों की जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। अधिकांश स्कूल आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, जिससे बच्चों को असुरक्षित माहौल में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
ऐसा ही मामला विकासखंड क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला देहतमाली में सामने आया है। यहां स्कूल में चारदीवारी नहीं होने से आवारा पशुओं का खतरा बना रहता है। अस्थायी रूप से लकड़ी और जाली लगाकर परिसर को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।

ये भी पढ़े – वरिष्ठ नेता महेंद्र यादव का निधन, राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर
विद्यालय में दिव्यांग शौचालय का अभाव है। पानी की टंकी लगी है, लेकिन उसकी टोटियां गायब हैं और टैंक भी क्षतिग्रस्त है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली रहने से स्वच्छता व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
विद्यालय में 53 छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन उपस्थिति कम रहती है। दो शिक्षकों में से एक प्रशिक्षण पर होने के कारण शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
अध्यापक अरविंद कुमार ने बताया कि विद्यालय को कंपोजिट ग्रांट के तहत मात्र 25 हजार रुपये मिलते हैं, जिससे चारदीवारी बनवाना संभव नहीं है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह ने स्वीकार किया कि कई विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
ये भी पढ़े – Deoria News: निषादराज गुह्य जयंती पर गूंजे सामाजिक उत्थान के स्वर, श्रीराम-निषाद मित्रता बताई अनुकरणीय
