Wednesday, March 11, 2026
HomeUncategorizedहेलमेट, सीट बेल्ट और संयम से ड्राइविंग पर जोर, अधिवक्ताओं ने लिया...

हेलमेट, सीट बेल्ट और संयम से ड्राइविंग पर जोर, अधिवक्ताओं ने लिया जागरूकता का प्रण

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन रांची में सड़क सुरक्षा सेमिनार, अधिवक्ताओं ने लिया नियमों के पालन का संकल्प


राँची (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उपायुक्त रांची मंजुनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में सोमवार को रांची सिविल कोर्ट कैंपस स्थित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं के साथ सकारात्मक और सार्थक परिचर्चा की गई।

ये भी पढ़ें – राजधानी एक्सप्रेस से स्वर्ग यात्रा: एक तीखा राजनीतिक व्यंग्य

सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में रांची डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ उपाध्यक्ष बिनॉय कुमार राय, सचिव संजय कुमार विद्रोही, जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, तकनीकी सहायक अभय कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं को सड़क सुरक्षा के सामाजिक, कानूनी और मानवीय पहलुओं से अवगत कराया गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं बल्कि परिवारों की त्रासदी होती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर अधिवक्ताओं जैसे जागरूक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। सुरक्षित ड्राइविंग, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, ट्रिपल लोडिंग से बचाव, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

ये भी पढ़ें – जनपद का चिकित्सा विभाग: संसाधनों की कमी, चुनौतियाँ और सुधार की दिशा में प्रयास

कार्यक्रम के दौरान यह भी अपील की गई कि सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में वीडियो या रील बनाने के बजाय घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। यह एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है और इससे कई कीमती जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। जीवन सभी के लिए अनमोल है और थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को रोक सकती है।

ये भी पढ़ें – सरकारी गरिमा पर सवाल: DGP रैंक के अधिकारी पर गिरी गाज

इस अवसर पर अधिवक्ताओं और राहगीरों के बीच रोड सेफ्टी बुक का वितरण किया गया, जिससे वे यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिवक्ताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। सेमिनार में बबलू कुमार सिंह, बीरेंद्र प्रताप, शंकर कुमार शर्मा, मनीष कुमार, राम कृष्ण भगत, असीम कच्छप, शोषण नाग, सस्ती रंजन, राज किशोर महतो सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments