मऊ (राष्ट्र की परम्परा)जनपद के समस्त भूमिधर किसानों के लिए यह सूचना अत्यंत महत्वपूर्ण है कि अब फार्मर आईडी के बिना किसी भी सरकारी कृषि योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। कृषि विभाग के अनुसार जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं होगी, वे आगामी पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त से भी वंचित रह सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जनवरी 2026 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष फार्मर रजिस्ट्री कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों में कृषि विभाग एवं पंचायत विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसानों की फार्मर आईडी समय पर बनाई जा सके। किसान ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा किसान स्वयं ‘फार्मर रजिस्ट्री यूपी’ ऐप के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या फिर आधार कार्ड, खतौनी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर वेब पोर्टल upfr.agristack.gov.in के जरिए फार्मर आईडी बनवा सकते हैं, जिसे राजस्व विभाग के लेखपाल द्वारा सत्यापित किया जाएगा।
फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को पीएम किसान, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा और बार-बार दस्तावेज देने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। इन शिविरों का निरीक्षण जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा भी किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या राजकीय कृषि बीज गोदाम से संपर्क करें।
