
सुबह-सुबह सड़कों पर उतरी देवरिया पुलिस, ‘गुड मॉर्निंग’ अभियान से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में आमजन की सुरक्षा को मजबूत करने और पुलिस तथा नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं एंटी रोमियो अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, मंदिरों और शिवालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले महिला-पुरुष नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की सक्रियता भी परखी गई।
पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया।
सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों के साथ प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय और कोचिंग जाने वाली छात्राओं से संवाद किया। छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित उपलब्ध हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
पुलिस के मुताबिक, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य महज चेकिंग तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से सुबह के समय सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने और महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों सहित आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
