देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)बरियारपुर नगर पंचायत में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद जिलाधिकारी के निर्देश पर सुलझा लिया गया। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर उप जिलाधिकारी सदर को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।निर्देश के क्रम में नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रकरण की जांच की। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर और नगर पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद का समाधान कराया गया। इसके बाद विवादित रास्ते पर आरसीसी सड़क निर्माण का कार्य पूरा करा दिया गया।बताया गया कि नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण के लिए पहले ही टेंडर सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं, लेकिन विरोध के कारण निर्माण कार्य बाधित था। इस मार्ग पर करीब तीन-चार वर्ष पहले खड़ंजा लगाया गया था और लगभग 15 वर्षों से लोगों का आवागमन होता रहा है।
जांच के दौरान सामने आया कि रकबा संख्या 658 पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश है, जबकि रकबा संख्या 657 गैर-विवादित है और इस पर यथास्थिति बनाए रखने का कोई आदेश नहीं है। सड़क का निर्माण रकबा संख्या 657 में कराया गया है।
विवाद का समाधान होने और सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य पूरा होने पर नगरवासियों ने प्रसन्नता जताई। मौके पर नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
