Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबेटे ने सो रहे पिता की फावड़े से काट कर गर्दन की...

बेटे ने सो रहे पिता की फावड़े से काट कर गर्दन की अलग

जमीन को लेकर हुआ था विवाद

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा )l जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पुत्र ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए, अपने पिता का गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एम्स थाना क्षेत्र के रहने वाले 60 वर्षीय भागवत मिश्रा अपने चार बेटों के साथ राजही के राम सहरिया टोला में रहते हैं। उनकी पत्नी का देहांत 2 वर्ष पहले हो चुका था,7 माह पहले उनके बड़े बेटे कृष्णजीवन का एक्सीडेंट हो गया था,घटना के दौरान उनके सर में गंभीर चोट आई थी। पिता ने पुत्र का जीवन बचाने के लिए दो बीघा जमीन बेच कर बेटे का इलाज कराया था। इस बात से उनका चौथे नंबर का बेटा राधेश्याम मिश्रा जो काम के सिलसिले में पुणे रहता है ,बेहद नाराज था। 10 दिन पहले गोरखपुर वापस लौटने पर उसने पिता से विवाद किया कि मुझे भी मेरे हिस्से की जमीन बेचकर पैसा चाहिए। लेकिन पिता इस बात के लिए तैयार नहीं थे, उन्होंने कुछ पैसा राधेश्याम को भी दिया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। शुक्रवार की रात 11:00 बजे पिता पुत्र के बीच इसी बात को लेकर पुनः विवाद हुआ, घर वालों ने समझा=बुझाकर मामला शांत कराया और सभी लोग सोने चले गए। बड़ी बहू का आरोप है कि रात 12:00 बजे के आसपास जब पिता जी सो रहे थे राधेश्याम उनके कमरे में पहुंचा और फावड़े से वार कर उनकी गर्दन धड़ से अलग कर दी। घटना के बाद घर में चीख= पुकार मच गई ।इसकी सूचना पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से फॉरेंसिक टीम ने कुछ साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। घटना में प्रयुक्त फावड़े को बरामद कर लिया गया है।

इस बारे में सीओ कैंट योगेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआती पूछताछ और जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है,शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के साथ ही फोरेंसिक टीम साक्ष्यों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments