
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोविंदापुर पंडित के मजरा पंडित पुरवा में रविवार को करीब 40 वर्षीय विवाहिता हाशरून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने मौत पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई। वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
हाशरून अपने पति कयूम अली और तीन बच्चों हसनैन (8), रुखसार (7) व नूर अहमद (6) के साथ रहती थी। मौत की सूचना मिलने पर मायके से उसकी मां शहरून और बहन फूलजहां मौके पर पहुंचीं। बहन ने मृतका के गले और पैर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए घटना की जांच की मांग की।
मृतक की बेटी की बाइट
मृतका की नाबालिग बेटी रुखसार ने भी गांव के एक व्यक्ति पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के समय मृतका का पति कयूम अली नवाबगंज क्षेत्र के जमाल रिसिया गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने गया था।

नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच से ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
