
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में शनिवार को तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 220 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इनमें 28 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया। मेहदावल तहसील में जिलाधिकारी अनुज मलिक ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में आवश्यकतानुसार मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर सभी पक्षों की बात सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी।
मेहदावल तहसील में कुल 118 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 12 का मौके पर निस्तारण कराया गया। छह मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भेजी गई। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को भेजकर समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कानून एवं व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की। उन्होंने थानाध्यक्षों को राजस्व अधिकारियों के साथ आवश्यकतानुसार मौके का निरीक्षण कर शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खलीलाबाद तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। यहां 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण कराया गया। धनघटा तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 39 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए और 10 का मौके पर निस्तारण कराया गया। उन्होंने भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी से संबंधित शिकायतों में स्थलीय जांच तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेहदावल में एसडीएम क्षिप्रा पाल, तहसीलदार अल्पिका वर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खलीलाबाद में एसडीएम हृदयराम तिवारी, सीओ प्रियम राजशेखर पाण्डेय तथा धनघटा में एसडीएम वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सीओ अभय मिश्रा, तहसीलदार प्रतिमा मौर्या सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
