बारिश के बीच 500 मीटर तक वाहनों की कतार, दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान

खोराबार /गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। खोराबार बाईपास चौराहे पर चल रहे सुंदरीकरण और निर्माण कार्य के चलते गुरुवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क की खुदाई और निर्माण सामग्री के कारण बारिश के दौरान चौराहे पर करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।गुरुवार को दिन में करीब तीन बजे बारिश के दौरान गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर खोराबार बाईपास चौराहे से सुशीला धर्मकांटा के सामने तक गोरखपुर जाने वाली लेन में वाहनों का दबाव बढ़ गया। सड़क पर निर्माण कार्य के लिए जगह घिरी होने के कारण वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात की रफ्तार धीमी हो गई।बारिश के बीच जाम में फंसे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से पिछले कई दिनों से चौराहे पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।स्थानीय निवासी संतोष पांडे, दिनेश यदुवंशी, राज नारायण सिंह, हिमांशु राय, विशाल पासवान, नवनीत श्रीवास्तव और मनोज सिंह ने प्रशासन से मांग की कि चौराहे पर चल रहे सुंदरीकरण और निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने तक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चौराहे पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग अत्यधिक व्यस्त मार्ग है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। लोगों ने मांग की कि बारिश और पीक आवर के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।