Saturday, May 2, 2026
HomeNewsbeatमानेसर सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत, शव पहुंचते ही गांव...

मानेसर सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहरा


बलिया( राष्ट्र की परम्परा )

मनियर थाना क्षेत्र के जिगनी गांव में शनिवार सुबह उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब हरियाणा के मानेसर से दो मजदूरों के शव गांव पहुंचे। जैसे ही एंबुलेंस गांव में दाखिल हुई, पूरे माहौल में मातम पसर गया। परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।जानकारी के अनुसार, जिगनी निवासी राजा राम प्रसाद और सुनील कुमार गोंड हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर इलाके में मजदूरी करते थे। शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे एएमटी फ्लाईओवर के पास सड़क दुर्घटना में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शुक्रवार देर शाम परिजनों को सौंप दिया। शनिवार सुबह जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। हर ओर चीख-पुकार और सिसकियों की आवाज गूंज रही थी। मृतक राजा राम प्रसाद की पत्नी रानी देवी और सुनील कुमार गोंड की पत्नी प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। बच्चों और बुजुर्गों का भी दुख देखकर हर कोई भावुक हो उठा।ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की दर्दनाक घटना गांव में पहली बार हुई है, जिससे पूरा इलाका स्तब्ध है। मृतक दोनों ही परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, जिनकी असमय मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर बांसडीह विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कामाख्या सिंह, दीपु सिंह, राजू राजभर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दोपहर बाद गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments