Saturday, May 2, 2026
HomeNewsbeatसम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, डीएम-एसपी ने त्वरित निस्तारण का दिया...

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, डीएम-एसपी ने त्वरित निस्तारण का दिया भरोसा


दिव्यांग पेंशन प्रकरण पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

बलिया(राष्ट्र क़ी परम्परा )

तहसील सिकंदरपुर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 193 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें भूमि कब्जा, वरासत और अन्य राजस्व विवादों से संबंधित रहीं। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर जांच करने और जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान आरजू खातून नामक शिकायतकर्ता ने दिव्यांग पेंशन न मिलने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बावजूद उन्हें अब तक पेंशन का लाभ नहीं मिल सका है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला दिव्यांगजन अधिकारी को तत्काल जांच कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ न मिलना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में देरी स्वीकार्य नहीं है और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना चाहिए।इस दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में कुछ मामलों का मौके पर निस्तारण होने से फरियादियों को राहत मिली, जबकि बाकी मामलों में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
समाधान दिवस में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस मंच को महत्वपूर्ण मान रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments