एशियन गेम्स-2026 में आर.एफ.आई पर्यवेक्षक की भी संभालेंगे जिम्मेदारी

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव एवं रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आर.एफ.आई) के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा एशियन रोइंग फेडरेशन की कांग्रेस में शामिल होने के लिए जापान के नागोया रवाना हो गए हैं। उन्हें एशियन गेम्स-2026 के दौरान रोइंग स्पर्धाओं में आर.एफ.आई के पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।नागोया में एशियन गेम्स-2026 के तहत रोइंग स्पर्धाओं का आयोजन 21 से 24 सितंबर तक होगा। इसी क्रम में 23 सितंबर को एशियन रोइंग फेडरेशन की कांग्रेस आयोजित की जाएगी। कांग्रेस में आरएफआई के अध्यक्ष बालाजी मरादप्पा, महासचिव शुभाशीष मुखर्जी सहित विभिन्न एशियाई देशों के रोइंग फेडरेशन के पदाधिकारी शामिल होंगे।कांग्रेस में सदस्य देशों के प्रतिनिधि अपने-अपने देशों में रोइंग खेल के विकास और संचालन से संबंधित प्रस्तुतियां देंगे। इन प्रस्तुतियों के आधार पर एशियन रोइंग फेडरेशन द्वारा विभिन्न देशों को विशेषज्ञ प्रशिक्षक उपलब्ध कराने, प्रशिक्षकों एवं रेफरी के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने तथा रोइंग उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।सुधीर शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने और एशियन गेम्स में आर.एफ.आई के पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी मिलने पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सहित उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में संरक्षक पवन सिंह चौहान, अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह, चेयरमैन रेणुका मिश्रा, चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा, डॉ. आरपी सिंह, राजीव त्रिवेदी, विनोद कुमार सिंह, डॉ. आरके स्वर्णकार और दीपक कुमार शामिल रहे।