
ऊंटारी रोड (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार की सुबह गैस सिलेंडर में विस्फोट से एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम और मायूसी में बदल गईं। ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र की मुरमा कला पंचायत के पिपरखांड गांव में रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार ब्लास्ट से घर में भीषण आग फैल गई। देखते ही देखते घर में रखा सामान और उससे सटी किराना दुकान आग की भेंट चढ़ गई। आग इतनी भयावह थी कि मकान के दो कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि परिवार के सदस्यों ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित अखिलेश विश्वकर्मा के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सात बजे रसोई में नाश्ता बनाने के लिए गैस सिलेंडर बदला गया था। इसके बाद जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रेगुलेटर के पास आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश और हालात संभालने से पहले ही लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इसके बाद घर के भीतर आग फैलने लगी। खतरे को भांपते हुए परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले। उनकी सतर्कता से एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
सिलेंडर में विस्फोट के बाद उठीं आग की लपटों ने घर के बगल में स्थित किराना दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। अखिलेश विश्वकर्मा के अनुसार, अकेले किराना दुकान में करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा घर के दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए और घरेलू सामान भी बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार ने कुल नुकसान 25 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान जताया है।
घटना की जानकारी मिलने पर ऊंटारी रोड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग शांत होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन तब तक घर और दुकान में रखा काफी सामान नष्ट हो चुका था।
इस हादसे ने परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों और आजीविका का सहारा बनी किराना दुकान के जल जाने से नुकसान और भी गंभीर हो गया है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आग लगने के सटीक कारणों और सिलेंडर में विस्फोट से जुड़े घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
rkpnewsup.com लॉगिन करें ✍️ | राष्ट्र की परम्परा
जन-जन की आवाज, सरकार तक।
