सलेमपुर ब्लॉक कार्यालय पर हुई बैठक, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए सलेमपुर ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में महारैली में सलेमपुर क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई।बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडे ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को महारैली के उद्देश्य की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। जिला महासचिव मार्कण्डेय मिश्र ने कहा कि सलेमपुर ब्लॉक से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचकर महारैली को ऐतिहासिक बनाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष मनीष रजक ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को महारैली से जोड़ा जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष भागलपुर डॉ रमेश कुशवाहा ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का नारा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प है। बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष सलेमपुर मनीष रजक, भागलपुर डॉ रमेश कुशवाहा,लार वजीर अहमद,सत्यम पांडेय, रामविलास तिवारी, उदयनारायण तिवारी, परमानन्द प्रसाद, सुच्चन खान, डॉ याहिया अंजुम, प्रमोद श्रीवास्तव, पृथ्वीनाथ पांडेय,आचार्य हरेन्द्र मिश्र, अवधेश पांडेय, मनोज पांडेय आदि ने सम्बोधित किया।