सिकंदरपुर /बलिया (राष्ट्र क़ी परम्परा )
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सिकंदरपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से की। बैठक को संबोधित करते हुए दोनों अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व एवं त्योहार सामाजिक सद्भाव और एकता के प्रतीक होते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपस्थित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं और सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया तथा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर श्रीकांत राजवंशी, थाना प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया, एसडीओ अजय सरोज सहित आदर्श नगर पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
